अनुसूचित जाति के कल्याण के कार्यों पर विशेष ध्यान दें: अध्यक्ष श्री जाटव

रीवा, मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त कैलाश जाटव ने अनुसूचित जाति के कल्याण के कार्यों की समीक्षा की. कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में अध्यक्ष श्री जाटव ने कहा कि शासन की विकास योजनाओं का पूरा लाभ अनुसूचित जाति वर्ग के हितग्राहियों को दें. इनके कल्याण के लिए लागू की गई योजना तथा कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें. अनुसूचित जाति छात्रावास की सभी सीटों में अनुसूचित जाति विद्यार्थियों का प्रवेश सुनिश्चित करें. जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारी नोडल अधिकारियों के माध्यम से छात्रावासों का हर माह निरीक्षण कराएं. निरीक्षण में किसी भी तरह की कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर करने का प्रयास करें. छात्रावास में विद्यार्थियों को रहने, भोजन, साफ-सफाई, प्रकाश और पठन-पाठन की अच्छी सुविधा मिलना आवश्यक है. अनुसूचित जाति आयोग संवैधानिक और वैधानिक निकाय है. प्रत्येक अधिकारी को आयोग द्वारा वांछित जानकारी उपलब्ध कराना अनिवार्य है. आयोग को सिविल न्यायालय तथा योजनाओं की समीक्षा करने की शक्तियाँ प्राप्त हैं.

बैठक में अध्यक्ष श्री जाटव ने कहा कि स्कूल और कालेज में प्रवेश लेने के बाद अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति के आवेदन पत्र तत्काल भरवाएं. कोई भी विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न रहे. छात्रावासों में उपयोग के लिए खरीदी गई सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें. विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग की व्यवस्था कराकर प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढऩे का अवसर दें. अग्रणी बैंक प्रबंधक विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं में बैंकों को भेजे जा रहे प्रकरणों का समय पर निराकरण कराएं. अनुसूचित जाति के हितग्राहियों को सहानुभूतिपूर्वक ऋण और अनुदान का वितरण कराएं. स्वरोजगार के प्रकरण उचित कारण होने पर ही निरस्त करें. जिला संयोजक अनुसूचित जाति बहुल बस्तियों का सर्वेक्षण कराएं. इनमें जहाँ आवश्यक हो वहाँ पेयजल तथा सडक़ की व्यवस्था करें. इसके लिए जिला खनिज मद तथा अन्य मदों का उपयोग करें.

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने अनुसूचित जाति के हितग्राहियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी. बैठक में बताया गया कि अनुसूचित जाति के हितग्राहियों को नि:शुल्क खाद्यान्न हर माह दिया जा रहा है. विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, छात्रावास में रहने की सुविधा, नि:शुल्क पुस्तकें, मध्यान्ह भोजन तथा गणवेश दिए जा रहे हैं. बैठक में अध्यक्ष श्री जाटव ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र के आवेदनों का तय समय सीमा में निराकरण कराएं. सीएम हेल्पलाइन में अनुसूचित जाति कल्याण से जुड़े लंबित आवेदन पत्रों का तत्परता से निराकरण कराएं. बैठक में जिला संयोजक जनजातीय कार्य केके पाण्डेय ने अनुसूचित जाति के कल्याण के लिए लागू योजनाओं की जानकारी दी. बैठक में आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

Next Post

टीएल बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर जताई नाराजगी

Mon Jun 22 , 2026
आलीराजपुर, कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में टीएल बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी में समय सीमा से बाह्य प्रकरणों, ई-केवाईसी सहित अन्य संबंधित विभागीय बिंदुओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर द्वारा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार […]

You May Like