
भोपाल: कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने अरेरा कॉलोनी क्षेत्र में अमृत योजना 2.0 के तहत चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य पर गंभीर आपत्तियाँ दर्ज की हैं।
त्रिपाठी ने बयान में बताया कि बरसात के मौसम में सड़कों को खोदकर अधूरा छोड़ दिया गया है, जिसके चलते बड़े-बड़े गड्ढे और दलदल की स्थिति बन गई है। हाल ही में गैस सिलेंडर से भरा ट्रक और कई निजी वाहन गड्ढों में फँस गए, जिससे गंभीर दुर्घटना की आशंका बढ़ गई। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों और बुज़ुर्गों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
त्रिपाठी ने कहा कि जनता के करोड़ों रुपये बर्बाद हो रहे हैं और नागरिक नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
कांग्रेस नेता ने माँग की कि कार्य की उच्चस्तरीय जाँच कराई जाए और सड़कों की तत्काल मरम्मत के साथ स्थायी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
