खेतों से सिंचाई उपकरण चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

छिंदवाड़ा। किसानों के खेतों से सिंचाई उपकरण चोरी करने वाले गिरोह का बिछुआ पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 170 मिनी नोजल पाइप, 35 नग नोजल चिडिय़ा, 17 नग एडाप्टर सहित वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 नवंबर से 18 नवंबर 2026 के बीच किसानों के खेतों से सिंचाई उपकरण चोरी किए गए थे। इस मामले में ग्राम गोनावाड़ी निवासी सहदेव डोंगरे, बिछुआ वार्ड क्रमांक 4 निवासी जयबाबू पराडकर तथा ग्राम लोहारबतरी निवासी श्रीपाल डेहरिया की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच करते हुए पुलिस ने भजन बोबड़े, रविन्द्र बोबड़े एवं गजानंद बोबड़े निवासी वार्ड क्रमांक 4 बिछुआ को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने खेतों से सिंचाई उपकरण चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी की सामग्री बरामद की गई। जब्त सामग्री में 170 मिनी नोजल पाइप, 35 नोजल चिडिय़ा, 17 एडाप्टर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल शामिल है। क्षेत्र में किसानों के खेतों से सिंचाई उपकरण चोरी होने की घटनाओं से चिंता का माहौल था। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की सामग्री की बरामदगी को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी सतीश उइके सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Next Post

सटकटा प्रजाति के लट्ठे से भरा ट्रक पकड़ाया

Mon Nov 23 , 2026
छिंदवाड़ा. वन विभाग से बिना अनुज्ञा पत्र लिए ट्रक में सटकटा प्रजाति के लट्ठों को भर कर परिवहन किया जा रहा था वन विभाग ने उक्ट ट्रक के खिलाफ कार्रवाई कर लकडिय़ों का जब्त किया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार छिंदवाड़ा वन परिक्षेत्र अधिकारी नीरज बिसेन को मुखबिर के द्वारा […]

You May Like