
नयी दिल्ली, 25 अगस्त (वार्ता) तांबा उत्पादन करने वाली सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी हिंदुस्तान कॉपर का शेयर मंगलवार को ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) के दिन पहले तीन घंटे में ही सात प्रतिशत टूट गया। केंद्र सरकार कंपनी की अपनी तीन प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के लिए ओएफएस लेकर आयी है। साथ ही, ग्रीन शू ऑप्शन के तहत तीन प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी बेचने का विकल्प भी रखा गया है।गैर-खुदरा निवेशकों के लिए ओएफएस आज 25 अगस्त को खुला। खुलने के बाद पहले तीन घंटे में ही कंपनी के शेयर सात प्रतिशत टूट गये।
खबर लिखे जाते समय यह 43.45 रुपये (7.58 प्रतिशत) नीचे 530.10 रुपये पर था। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 573.55 रुपये पर बंद हुआ था। सरकार ने ओएफएस के लिए प्रति शेयर न्यूनतम बोली 514 रुपये तय की है। खुदरा निवेशक बुधवार को बोली लगा सकेंगे। उनके लिए 10 प्रतिशत शेयर आरक्षित किये गये हैं। इनके अलावा, कंपनी के पात्र कर्मचारियों के लिए 25 हजार अतिरिक्त शेयर आरक्षित हैं। हिंदुस्तान कॉपर में सरकार की हिस्सेदारी फिलहाल 66.14 प्रतिशत है। सरकार 2,90,10,721 शेयर ओएफस के तहत बेच रही है और इतने ही शेयरों के लिए ग्रीन शू ऑप्शन रखा गया है, जिसका इस्तेमाल ज्यादा बोली प्राप्त होने की स्थिति में किया जा सकेगा। खबर लिखे जाते समय तक 92,17,952 शेयरों (35.30 प्रतिशत) के लिए बोली प्राप्त हुई है।
