दतिया: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अन्नदाता किसानों की भलाई के लिये इनके खेत-खलिहानों और घर आंगन में समृद्धि लाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव कोशिश कर रही है। किसानों का कल्याण कर सुविधा सम्पन्न बनाने के लक्ष्य की पूर्ति के लिए मिशन मोड में काम कर रहे है। बलराम कृषि महोत्सव इसी दिशा में किया जा रहा सरकार का एक सार्थक प्रयास है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को मुख्यमंत्री निवास से दतिया जिले में हुए बलराम कृषि महोत्सव को वीडियो कान्फ्रेसिंग से संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सावन का अंतिम सोमवार है। भगवान महाकाल से प्रार्थना है कि प्रदेश के सभी किसानों के घर-भण्ड़ार अन्न से भरे रहें, बाबा महाकाल सभी का कल्याण करे एवं सभी के घरों में समृद्धि की सौगात दें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दतिया जिला 2 वस्तुओं के लिए सबसे अधिक जाना जाता है। पहला पीतांबरा माई का प्रसाद, जो पूरे देश भर में प्रसिद्ध हैं और दूसरा दतिया का गुड़, जो एक जिला- एक उत्पाद के तहत शामिल है। मध्यप्रदेश के किसान की भी पहचान दूर-दूर तक हो, इसके लिए सरकार हर संभव प्रयास कर किसानों के हित में अनेक योजनायें संचालित कर रही है। इस वर्ष 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उत्पादन हुआ। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गेंहूं 2700 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ दतिया जिले का किसान भी आने वाले समय में खेती-किसानी के माध्यम से खूब आगे बढ़ेगा।
कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में लगभग 16 स्टॉल लगाए गए, जहां विशेषज्ञों के जरिए किसानों को कृषि क्षेत्र में उपयोगी नवीन तकनीकों एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। प्रदर्शनी में रीपर कम बाइंडर, डीएसआर मशीन, हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, स्मार्ट सीडर, स्ट्रॉ रीपर, थ्रेशर, लेजर लैंड लेवलर, सीड-कम-फर्टिलाइजर ड्रिल, रोटोकल्टीवेटर, रोटावेटर, पावर स्प्रेयर एवं प्लाऊ सहित अन्य आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया गया। किसानों को इन यंत्रों की उपयोगिता, संचालन एवं कृषि कार्यों में इनके प्रभावी उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी में उद्यानिकी विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र एवं आत्मा परियोजना द्वारा भी स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती एवं जैविक खेती, उन्नत कृषि पद्धतियों, फसल उत्पादन में आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा संबंधित विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान की गई। किसानों ने विभिन्न कृषि यंत्रों एवं तकनीक का अवलोकन कर जानकारी भी प्राप्त की।कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी बलराम कृषि महोत्सव कपिल यार्दे, मेघसिंह गुर्जर, विधायक दतिया घनश्याम सिंह, जिला पंचायत की कृषि स्थायी समिति के अध्यक्ष रामनरेश यादव, प्रशांत ढेंगुला, बृजेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
