
उज्जैन। शिप्रा नदी के 19 किलोमीटर क्षेत्र में चल रहे घाट निर्माण के दौरान जीवनखेड़ी में बुधवार को हादसा हो गया। मिट्टी धंसने पर मजदूर दब गया। जिसे जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। गुरुवार सुबह बड़वानी से परिवार के आने पर पोस्टमार्टम कराया गया है।
नीलगंगा थाना पुलिस ने बताया कि जीवन खेड़ी में शिप्रा नदी किनारे घाट का निर्माण किया जा रहा है। बुधवार को काम के दौरान अचानक निर्माणाधीन घाट की मिट्टी से बनी दीवार धंस गई। जिसके नीचे मजदूर दब गया, उसे बाहर निकालने के लिए जेसीबी बुलवाई गई आधे घंटे बाद उसे बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक मजदूर सुरेश पिता नरसिंह 35 साल डूंगर गांव बड़वानी का रहने वाला था। पुलिस ने मामले की सूचना परिजनों को दी। आज सुबह परिजन उज्जैन पहुंचे भाई कुशल ने बताया कि सुरेश एक माह पहले ही मजदूरी के लिए उज्जैन आया था उसके साथ जीजा भी आए थे लेकिन वह दूसरे स्थान पर चल रहे घाट निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे। सुरेश पांच बच्चों का पिता था परिवार मजदूरी का ही काम करता है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा, जिसे अंतिम संस्कार के लिए बड़वानी ले जाया गया है। शहर में सिंहस्थ निर्माण कार्य चल रहा है जिसमें ब्रिज निर्माण, सडक़ निर्माण घाट निर्माण जैसे कई कार्यों के लिए बाहर से मजदूर आए हुए हैं, 11 दिन पहले इंदौर उज्जैन सिक्स लेन मार्ग पर बना रहे ब्रिज निर्माण के सरियों के नीचे झारखंड का मजदूर दब गया था जिसकी मौके पर मौत हो गई थी। चार दिन पूर्व बडऩगर मार्ग मुल्लापुरा क्षेत्र में चल रहा है ब्रिज निर्माण के दौरान मशीन चलाते समय पश्चिम बंगाल के मजदूर को हाथ में करंट लग गया था और उसकी जान चली गई थी। इससे पहले दिसंबर माह में नेपाल के मजदूर की मौत भैरवगढ़ थाना क्षेत्र में चल रहा है सीवरेज प्लांट निर्माण के दौरान मौत हुई थी। नेपाल के मजदूर की मौत के मामले में भैरवगढ़ थाना पुलिस द्वारा ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का प्रकरण दर्ज किया जा चुका है।
