
इंदौर. खुड़ैल थाना क्षेत्र में व्हाट्सएप पर ट्रैफिक चालान के नाम से भेजी गई पीडीएफ लिंक खोलना युवक को भारी पड़ गया. लिंक खोलने के कुछ दिनों बाद उसके बैंक खाते से दो लाख रुपये गायब हो गए. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार ग्राम धमनाय में रहने वाले 27 वर्षीय विशाल कुमावत ने बताया कि उसके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए एक पीडीएफ लिंक आई थी, जिसमें ट्रैफिक चालान से जुड़ी जानकारी लिखी हुई थी. उसने फाइल खोलकर देखी और बंद कर दी. इसके बाद उसके एचडीएफसी बैंक खाते से आईएमपीएस के माध्यम से अचानक 2 लाख रुपये कटने का मैसेज आया. घबराकर विशाल ने तुरंत बैंक कस्टमर केयर और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत कर रकम होल्ड कराने की कोशिश की. बाद में साइबर सेल से ई-जीरो एफआईआर मिलने पर खुड़ैल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच शुरू कर दी है.
