इंदौर: हीरानगर में किराए के कमरे में मिली युवती की आत्महत्या की जांच में नया मोड़ आया है. मोबाइल चैट में धमकी और विवाद सामने आने पर पुलिस ने उसके प्रेमी और उसकी महिला मित्र को आरोपी बनाकर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरु की.हीरानगर थाना क्षेत्र में 24 नवंबर को युवती का शव फंदे पर मिला था. शुरुआती जांच में मामले को आत्महत्या माना गया, लेकिन मोबाइल की गहराई से पड़ताल में पुलिस को उसके लिव-इन पार्टनर नवीन गौर और उसकी परिचित भूमि के बीच व्हाट्सऐप पर हुई बातचीत में धमकी जैसे संदेश मिले.
इसी आधार पर दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया. थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि युवती पहले स्कीम नंबर 54 में नवीन के साथ लिव-इन में रहती थी. दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन नवीन की भूमि नामक युवती से लगातार बातचीत होने पर वह तनाव में रहने लगी थी. कई बार झगड़े भी हुए और दोनों युवतियों के बीच चैट पर कहासुनी हुई थी. इसी मानसिक दबाव के चलते उसने आत्महत्या का कदम उठाया. वह पढ़ाई के साथ एक कैफे भी चलाती थी. आत्महत्या से कुछ दिन पहले ही वह रिश्तेदारों की मदद से नवीन से अलग होकर नए कमरे में रहने लगी थी. इसी दौरान भूमि से उसका विवाद और बढ़ गया था, पुलिस ने नवीन और भूमि दोनों को आरोपी बनाया है और जांच की जा रही है.
