कुआलालंपुर, 17 जून (वार्ता) मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम रूस के कजान में आयोजित होने वाले रूस-आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात कर सकते हैं। मलेशिया के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात के अलावा श्री अनवर के तातारस्तान गणराज्य के प्रमुख (रईस) रुस्तम मिन्नीखानोव के साथ भी वार्ता करने तथा आसियान देशों के अन्य नेताओं से द्विपक्षीय सहयोग और साझा क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करने की उम्मीद है।
बयान के अनुसार श्री इब्राहिम और श्री पुतिन के बीच होने वाली बैठक दोनों देशों के बीच दशकों पुराने सहयोग की समीक्षा करने तथा रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की भावी दिशा तलाशने का अवसर प्रदान करेगी।वार्ता में व्यापार एवं निवेश, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा, डिजिटल अर्थव्यवस्था, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, संस्कृति, शिक्षा, पर्यटन तथा मानवीय आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा होने की संभावना है। क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहेंगे।
शिखर सम्मेलन के समापन पर चार प्रमुख दस्तावेजों को अपनाये जाने की उम्मीद है। इनमें रूस-आसियान संबंधों की 35वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में कजान घोषणा-पत्र, ऊर्जा और सांस्कृतिक सहयोग पर संयुक्त वक्तव्य तथा 2026 से 2030 तक रूस-आसियान रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए व्यापक कार्ययोजना शामिल हैं।
रूस-आसियान संबंधों के 35 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह वर्षगांठ शिखर सम्मेलन 17 से 19 जून तक कजान में हो रहा है। शिखर सम्मेलन के साथ-साथ 17 जून से रूस-आसियान व्यापार मंच का भी आयोजन किया जा रहा है।
