दहेज प्रताडऩा से तंग आकर नवविवाहिता ने खाया था जहर पति सहित छह लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज 

शुजालपुर, शुजालपुर मंडी क्षेत्र में 23 दिन पूर्व एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने दहेज प्रताडऩा के आरोप में पति सहित छह लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस जांच में सामने आया कि विवाह के बाद से ही महिला को दहेज में मोटरसाइकिल और तीन लाख रुपए की मांग को लेकर प्रताडि़त किया जा रहा था. पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक 21 अयोध्या बस्ती फ्र ीगंज निवासी 24 वर्षीय अंजली राजपूत की 26 मई को जहरीला पदार्थ सेवन करने से मौत हो गई थी. उसे परिजन सिविल अस्पताल शुजालपुर मंडी लेकर पहुंचे थे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी.जांच के दौरान मृतका के पिता गजराजसिंह, माता रेखाकंवर, भाई अभिषेक राजपूत, बहन कामना कंवर तथा अन्य रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए गए. परिजनों ने आरोप लगाया कि अंजली की शादी 12 दिसंबर 2020 को सूरजसिंह राजपूत निवासी शुजालपुर के साथ हुई थी. विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में मोटरसाइकिल और तीन लाख रुपए की मांग की जाने लगी. मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया जाता था. परिजनों का कहना है कि सामाजिक स्तर पर कई बार समझाईश भी दी गई, लेकिन प्रताडऩा बंद नहीं हुई. इससे परेशान होकर अंजली ने 26 मई की सुबह अपने ससुराल में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई. इधर मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने पति सूरजसिंह राजपूत, ससुर गोपालसिंह राजपूत, सास जयकंवर राजपूत, देवर राहुल राजपूत, मामा ससुर जसवंतसिंह राजपूत तथा मासी सास विष्णुकंवर राजपूत के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

महूपुरा में सट्टे का कॉरपोरेट ऑफिस नवभारत स्टिंग : कैमरा देखकर भागे सटोरिये, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की धरपकड़

Wed Jun 17 , 2026
शाजापुर, महूपुरा के पटेलवाड़ी में नवभारत के स्टिंग के दौरान कुछ पल लगा ही नहीं कि यहां सट्टा संचालित हो रहा था. ऐसा लग रहा था किसी कॉरपोरेट ऑफिस में आ गए हों. गर्मी से बचने के लिए कूलर, लाइन से टेबल, टेबल पर सट्टा पर्ची और लाइन से कर्मचारी […]

You May Like