लखनऊ 15 फरवरी (वार्ता) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों के क्रम में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 17 और 18 फरवरी को लखनऊ प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे संगठन के विभिन्न निर्धारित कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे और कार्यकर्ताओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद करेंगे।
प्रवास के दौरान डॉ. मोहन भागवत कुटुम्ब मिलन कार्यक्रम में भाग लेंगे, जिसमें संघ परिवार से जुड़े स्वयंसेवकों एवं उनके परिवारों के साथ संवाद करेंगे। इसके अतिरिक्त वे सामाजिक सद्भाव बैठक में भी शामिल होंगे, जहां समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ समरसता और सामाजिक एकता पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत सरसंघचालक युवाओं के साथ विशेष संवाद भी करेंगे, जिसमें राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, संगठन के कार्य और समकालीन विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। इसके साथ ही वे एक प्रमुख जन गोष्ठी में भी शामिल होंगे, जिसमें गणमान्य नागरिक, बुद्धिजीवी और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में लखनऊ प्रवास के दौरान सरसंघचालक का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
