
शाजापुर, महूपुरा के पटेलवाड़ी में नवभारत के स्टिंग के दौरान कुछ पल लगा ही नहीं कि यहां सट्टा संचालित हो रहा था. ऐसा लग रहा था किसी कॉरपोरेट ऑफिस में आ गए हों. गर्मी से बचने के लिए कूलर, लाइन से टेबल, टेबल पर सट्टा पर्ची और लाइन से कर्मचारी ऐसे बैठे थे, जैसे सरकारी ऑफिस में जनकल्याण शिविर के दौरान लोगों की समस्या सुनने के लिए बैठे हों. जैसे ही नवभारत का कैमरा देखा, तो भगदड़ मच गई. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने धरपकड़ की. नवभारत के स्टिंग के कारण शहर के सटोरियों में हडक़ंप मचा हुआ है.
गौरतलब है कि शहर में गली-गली सट्टे का कारोबार चरम पर है. अब इसे पुलिस की लापरवाही कहें या पुलिस का संरक्षण या सटोरियों के बुलंद हौसले. महूपुरा के पटेलवाड़ी में बाहर से बड़ा काला गेट, जिस पर एक चौकीदार निगरानी के लिए बैठा था और अंदर सट्टे का कारोबार. बाहर से लग ही नहीं रहा था कि इस बाड़े में इतने बड़े पैमाने पर सट्टे का कारोबार हो रहा है. महूपुरा और पटेलवाड़ी से लगातार भारी पैमाने पर सट्टा संचालन को लेकर नवभारत को लोग शिकायतें कर रहे थे. जिस पर नवभारत ने बाड़े में पहुंचकर स्टिंग ऑपरेशन किया, जिसे देखकर सब की आंखेें दंग रह गई. वीडियो वायरल होते ही शाजापुर कोतवाली ने आनन-फानन दबिश दी और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया.
सटोरियों के हौसले इस कदर बुलंद
मंगलवार रात नवभारत के स्टिंग के बाद बुधवार सुबह सटोरियों ने महूपुरा के पटेलवाड़ी में उसी स्थान पर फिर बेखौफ होकर सट्टा संचालन शुरू कर दिया. जिसकी खबर पुलिस को लगी और पुलिस ने दबिश देकर 31 हजार रुपए जब्त किए और आरोपी अरशद अली, नूर मोहम्मद शानू, समीर बेग पटेलवाड़ी को हिरासत में लिया. जिनके पास से सट्टा सामग्री, पर्चियां एवं नकदी जब्त की गई.
कसेरा बाजार में पुलिस कब देगी दबिश…
शाजापुर का सबसे बड़ा और बेखौफ सट्टा कसेरा बाजार में संचालित हो रहा है, लेकिन यहां पुलिस दबिश देने में भी संकोच करती है. यही कारण है कि कसेरा बाजार का सट्टा पूरे शहर में अपनी जड़ें जमा चुका है. अब देखना है कि महूपुरा के बाद शाजापुर पुलिस शहर का सबसे बड़ा सट्टे का केंद्र बन चुके कसेरा बाजार के सटोरियों पर कब दबिश देती है. क्योंकि हर सटोरिये का कहना है कि पुलिस छोटे-छोटे सटोरियों को पकड़ती है, लेकिन कसेरा बाजार में संचालित सट्टे पर पुलिस ने कभी भी बड़ी कार्यवाही नहीं की. नवभारत के स्टिंग के दौरान भी कई सटोरियों ने कहा कि शहर में 24 जगह सट्टा चल रहा है, लेकिन केवल महूपुरा में ही पुलिस ने कार्यवाही की. अब देखना है कि पुलिस कसेरा बाजार में कार्यवाही कर पाती है या फिर महूपुरा की कार्यवाही के बाद शहर में सट्टा मुहिम समाप्त होती है.
इनका कहना है
महूपुरा पटेलवाड़ी में सट्टे का वीडियो वायरल होने पर सटोरियों को पकड़ा है. शहर में सट्टे के खिलाफ पुलिस विशेष अभियान शुरू कर हर हाल में शहर से सट्टा बंद कराएगी. किसी भी स्थिति में शाजापुर में जुआं या सट्टा संचालित नहीं होने दिया जाएगा.
– संतोष वाघेला, टीआई, कोतवाली-शाजापुर
