
सीधी।जिले के आर्थिक, औद्योगिक एवं पर्यावरणीय विकास को नई दिशा देने की दृष्टि से सीधी में क्लाइमेट ग्रीन इकोनॉमिक ज़ोन (सीजीईजेड) परियोजना को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई है। विधायक सीधी रीती पाठक के मार्गदर्शन में क्लाइमेट पार्लियामेंट इंडिया के प्रतिनिधि डॉ. संजय कुमार वर्मा एवं निखिल चौहान ने कलेक्टर विकास मिश्रा से भेंट कर परियोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया तथा इसके संभावित लाभों एवं क्रियान्वयन की रूपरेखा पर चर्चा की।
बैठक में विधायक रीती पाठक ने कहा कि सीजीईजेड परियोजना सीधी जिले के विकास को नई दिशा देने वाली दूरदर्शी पहल है। यह परियोजना केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजगार, कृषि, आधारभूत संरचना और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी व्यापक सकारात्मक बदलाव लाएगी। उन्होंने कहा कि हरित ऊर्जा आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलने से जिले में निवेश आकर्षित होगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा कृषि प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन गतिविधियों के विस्तार से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा।
विधायक रीती पाठक ने विश्वास व्यक्त किया कि शासन, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से यह परियोजना सफलतापूर्वक क्रियान्वित होगी और सीधी जिला हरित विकास, निवेश आकर्षण तथा रोजगार सृजन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने परियोजना की अवधारणा एवं संभावनाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए विभिन्न विभागों के समन्वय से इसे आगे बढ़ाने पर चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं एवं अनुमतियों के उपरांत जिले के सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बैठक के दौरान क्लाइमेट पार्लियामेंट इंडिया द्वारा नियुक्त परामर्शदाता का परिचय भी विभागीय अधिकारियों से कराया गया। परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय समन्वय, तकनीकी सहयोग तथा संभावित निवेश के अवसरों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि सीजीईजेड परियोजना के माध्यम से जिले में हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही किसानों को कृषि उत्पादों के बेहतर मूल्य, प्रसंस्करण एवं भंडारण सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परियोजना से सड़क, विद्युत, जल एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास को भी गति मिलेगी। इसके अतिरिक्त स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग एवं पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहन देकर सीधी को सतत विकास के एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
क्लाइमेट पार्लियामेंट इंडिया के प्रतिनिधि डॉ. संजय कुमार वर्मा एवं निखिल चौहान ने कहा कि सीजीईजेड मॉडल के माध्यम से सीधी जिले को हरित निवेश, स्वच्छ ऊर्जा, औद्योगिक विकास एवं रोजगार सृजन का एक प्रमुख केंद्र बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिले की भौगोलिक एवं प्राकृतिक संभावनाओं का उपयोग कर इसे हरित अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में अग्रणी बनाया जा सकता है।बैठक में डी.पी. सिंह मॉडल/सीपीओ हेल्पलाइन, टी.के. द्विवेदी कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, एस.एस. बघेल अधीक्षण यंत्री विद्युत विभाग, सचिन चांडक सहायक यंत्री, अभिलाष मेवारी जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, डॉ. हिमेश पाठक, सुरमोही सिंह स्वास्थ्य विभाग, विनय मिश्रा जिला परियोजना समन्वयक स्कूल शिक्षा विभाग तथा हीरालाल यादव विधायक प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
