ग्वालियर: आधी रात के करीब हुई गैंगवार में गोलियां लगने से बुरी तरह घायल भोला सिकरवार ने आज तड़के दम तोड दिया। बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। इसके बाद फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। गोली लगने से घायल दोनों युवकों को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां भोला सिकरवार की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि उसके साथी कल्लू उर्फ पवन श्रीवास की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना हजीरा के बिरला नगर लाइन नंबर दो की गली नंबर एक की है। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी कृष्ण लालचंदानी, सीएसपी नागेन्द्र सिंह सिकरवार और टीआई शिवमंगल सिंह सेंगर मौके पर पहुंचे। घटना के बाद इलाके में आज सुबह से तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में टीमें रवाना कर दी है। हत्या के बाद तनाव को ध्यान में रखते हुए इलाके में पुलिस तैनात कर दी गई है।
