इंदौर:नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव ने बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों एवं प्रस्तावित योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया. इस दौरान अपर आयुक्त अर्थ जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने झोन क्रमांक 18 अंतर्गत कृषि कॉलेज के समीप प्रस्तावित सिटी बस डिपो स्थल का अवलोकन किया.
अधिकारियों ने जानकारी दी कि यहां 120 से अधिक इलेक्ट्रॉनिक बसों के संचालन हेतु आधुनिक बस डिपो का निर्माण प्रस्तावित है. उक्त डिपो में बसों की पार्किंग के साथ-साथ चार्जिंग स्टेशन सहित आवश्यक अधोसंरचनात्मक सुविधाएं विकसित की जाएंगी. विदित हो कि एआईसीटीसीएल के माध्यम से प्रथम चरण में 150 से अधिक इलेक्ट्रॉनिक बसों के संचालन हेतु देवास नाका एवं नायता मुंडला में बस डिपो का निर्माण किया जा चुका है.
द्वितीय चरण में कृषि कॉलेज के समीप प्रस्तावित डिपो में 120 इलेक्ट्रॉनिक बसों को चार्जिंग स्टेशन की सुविधा के साथ रखा जाएगा, जिससे शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकेगा. निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने भूरी टेकरी से नायता मुंडला बस स्टैंड के मध्य निर्माणाधीन आर ई 2 सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया.
उन्होंने सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं का जायजा लेते हुए भूरी टेकरी के समीप मार्ग में बाधक शासकीय क्वार्टर को हटाने के निर्देश दिए. साथ ही सड़क मार्ग में बाधक बस्ती के रहवासियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराकर चरणबद्ध रूप से स्थानांतरित (शिफ्ट) करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए, ताकि सड़क निर्माण कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जा सके.
समय सीमा में पूर्ण करें कार्य
आयुक्त ने नायता मुंडला स्थित नवीन बस स्टैंड का निरीक्षण किया गया, जहां उन्होंने निर्माणाधीन सिविल कार्यों एवं इलेक्ट्रॉनिक बसों के लिए बनाए जा रहे चार्जिंग स्टेशन के कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया. आयुक्त ने कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए.
