महिला सब इंस्पेक्टर की थार ने चार को रौंदा

सीहोर। शुक्रवार की दोपहर हाइवे स्थित बिलकीसगंज जोड़ पर लाल थार ने जमकर कहर बरपाया. महिला पुलिस अधिकारी की बेकाबू हुई थार की चपेट में बाइक पर सवार दो युवकों के अलावा सड़क किनारे कंबल बेच रहे दो अन्य लोग आ गए. इस हादसे में घायल चारों को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया जहां एक युवक ने दम तोड़ दिया जबकि बाकी की हालत भी गंभीर बनी हुई है. थाना कोतवाली पुलिस ने महिला पुलिस अधिकारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया है.

सड़क हादसों के लिए कुख्यात भोपाल- इंदौर स्टेट हाईवे के बिलकीसगंज जोड़ पर शुक्रवार की दोपहर लगभग 12. 30 बजे एक और भीषण सड़क हादसा घटित हो गया. बताया जाता है कि जिले के आष्टा थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर किरण राजपूत थार क्रमांक एमपी 04 जेड डब्ल्यू 7803 से बिलकीसगंज की ओर जा रही थी. बताया जाता है कि जोड़ के समीप अचानक उनका वाहन अनियंत्रित हो गया और थार ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी. इसके बाद भी थार की रफ्तार कम नहीं हुई और सड़क किनारे कंबल बेच रहे दो लोगों को कुचल दिया. इस हादसे में बाइक सवार रातीबड़ निवासी 46 वर्षीय विजय राजोरिया और उनका भाई 40 वर्षीय ह्रदेश राजोरिया पिता राजाराम के अलावा कंबल बेचने वाले 28 वर्षीय युवक वकील आ. गिरधारी लाल बंजारा निवासी कोयल खेड़ी घोंसला उज्जैन एवं लखन पिता मदनलाल बंजारा उम्र 18 वर्ष ग्राम मुंडला महिदपुर उज्जैन गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी. इस दौरान सूचना मिलने पर थाना कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया. अधिक चोटें आने पर चारों को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया. वहां निजी अस्पताल में विजय राजोरिया ने दम तोड़ दिया, जबकि उनके भाई ह्रदेश सहित वकील और लखन की स्थिति भी नाजुक बताई जा रही है. इस मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने आष्टा थाने में पदस्थ महिला पुलिस अधिकारी किरण राजपूत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज करते हुए वाहन जब्त कर लिया है.

बाइक से तहसील आ रहे थे दोनों भाई

सड़क हादसे में घायल रातीबड़ निवासी ह्रदेश राजोरिया अपने बड़े भाई विजय के साथ बाइक से सीहोर तहसील काम से आ रहे थे तभी बिलकीसगंज जोड़ पर ह्रदय विदारक हादसा घटित हो गया, जिसमें ह्रदेश जहां गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं उनके बड़े भाई विजय ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. रातीबड़ के सरपंच अजय राजोरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि ह्रदेश राजोरिया भारतीय सेना में हैं तथा वर्तमान में उनकी पोस्टिंग सियाचिन में है. वह 17 दिसंबर तक छुट्टी लेकर घर आए थे. इस दौरान जमीन संबंधी काम से वह अपने भाई विजय के साथ तहसील जा रहे थे तभी यह हादसा घटित हो गया. इस घटना से रातीबड़ गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.

पुलिस कप्तान ने किया निलंबित

थार से टक्कर मारने वाली सब इंस्पेक्टर पूर्व में थाना कोतवाली में ही पदस्थ थीं. हाल ही में उनका तबादला आष्टा थाने पर किया गया है. इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला द्वारा महिला उप निरीक्षक का यह कृत्य प्रथम दृष्टया गंभीर लापरवाही एवं कदाचरण का होने से उप निरीक्षक किरण सिंह राजपूत, थाना आष्टा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केन्द्र सम्बद्ध किया गया है एवं इस मामले में प्राथमिक जांच नगर पुलिस अधीक्षक अभिनंदना शर्मा को सौंपी गई है.

 

Next Post

दो लाख के नकली नोटों संग चार युवक गिरफ्तार

Sat Dec 13 , 2025
इंदौर: गुटकेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र में देर रात दबिश देकर क्राइम ब्रांच ने नकली नोट चलाने की साजिश रच रहे चार युवकों को धर दबोचा. आरोपियों से दो लाख रुपए के नकली नोट और दो दोपहिया वाहन जब्त कर जांच में लिए.एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस आयुक्त संतोष […]

You May Like