कोलकाता, (वार्ता) दुर्गा पूजा से ठीक पहले कोलकाता के साइंस सिटी ग्राउंड में ‘वैश्विक व्यापार मेला 2026’ की रंगारंग शुरुआत हुई।
वाणिज्य मंडल (सीसीआई) और सीसीजी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह व्यापार मेला 21 सितंबर तक चलेगा। दर्शक रोजाना दोपहर 12 बजे से रात नौ बजे तक इसमें आ सकते हैं।
मेले का औपचारिक उद्घाटन कोलकाता में रूस के महावाणिज्य दूत मैक्सिम कोजलोव ने किया। उद्घाटन समारोह में म्यांमार के महावाणिज्य दूत आंग आंग मो थेन, बंगलादेश के उप उच्चायुक्त मोहम्मद खालिद, उप उच्चायोग की प्रथम सचिव (वाणिज्यिक) सबरीन चौधरी, रॉयल थाई कांसुलेट-जनरल के फीफाकोर्न नियामयाई, रॉयल भूटान कांसुलेट के वाणिज्य दूत नामगे थिनले और केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय के संयुक्त निदेशक व कार्यालय प्रमुख प्रदीप कुमार दास मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस मेले का मुख्य उद्देश्य भारत और विदेश के व्यवसायियों, एमएसएमई, कारीगरों और उत्पादकों को एक साझा मंच प्रदान करना है, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के बीच व्यापारिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिल सके।
इस वर्ष मेले में भारत के 18 राज्यों और आठ देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। भाग लेने वाले प्रमुख देशों में बंगलादेश, मलेशिया, थाईलैंड, दुबई, तुर्की, सिंगापुर, ईरान और अफगानिस्तान शामिल हैं।
मेले के मुख्य आकर्षणों में थाईलैंड के बुटीक व सौंदर्य उत्पाद, तुर्की के लाइटिंग आइटम, अफगानिस्तान के सूखे मेवे और बंगलादेश की मशहूर जामदानी साड़ियां व हस्तशिल्प शामिल हैं।
इसके अलावा, आगंतुक भारत के विभिन्न हिस्सों से आये पारंपरिक वस्त्र, हथकरघा, फर्नीचर, होम डेकोर और जीआई-टैग वाले उत्पादों की खरीदारी कर सकते हैं।
दुर्गा पूजा के करीब होने से आयोजकों को उम्मीद है कि यह मेला एक प्रमुख शॉपिंग डेस्टिनेशन बनकर उभरेगा। यहां लोगों को एक ही छत के नीचे पारंपरिक व आधुनिक सामान खरीदने का मौका मिलने के साथ-साथ व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूती मिलेगी।
