मुंबई, 07 मार्च (वार्ता) स्टार प्लस के शो ‘अनुपमा’ में अभिनेता सचिन त्यागी की एंट्री हो रही है। स्टार प्लस के सबसे मशहूर शोज में से एक, ‘अनुपमा’ को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है जिसने हर तरफ हलचल मचा दी है। काफी समय से जिस नई एंट्री को लेकर कयास लगाए जा रहे थे, उसका खुलासा हो गया है और वो कोई और नहीं बल्कि सचिन त्यागी हैं। हाल ही में आए नए टीज़र ने उनके आने की पुष्टि तो कर दी है, लेकिन मेकर्स ने उनके किरदार को अभी सस्पेंस में रखा है। फैंस इस बात को लेकर बेहद एक्साइटेड हैं कि उनका किरदार अनुपमा की ज़िंदगी में क्या नया मोड़ लाएगा।टीज़र में बस उनकी एक झलक दिखाई गई है, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर वह कौन हैं? और उनकी एंट्री अनुपमा की पहले से ही मुश्किलों भरी ज़िंदगी में क्या नया तूफान या ट्विस्ट लेकर आएगी?
वैसे सचिन त्यागी दर्शकों के लिए कोई नया चेहरा नहीं हैं। इससे पहले उन्होंने ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में मनीष गोयनका के किरदार से सबका दिल जीता था। कार्तिक गोयनका के शालीन और भावुक पिता के रूप में उनके रोल ने शो में एक खास जगह बनाई थी, जिसके लिए उन्हें दर्शकों से बहुत प्यार मिला।
शो में अपनी एंट्री के बारे में बात करते हुए सचिन ने कहा, “अनुपमा की कास्ट का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत खुशी की बात है। यह वही प्रोडक्शन हाउस है, जिसके साथ मैं 2014 से काम कर रहा हूँ, इसलिए मुझे ऐसा बिल्कुल नहीं लग रहा कि मैं किसी अनजान जगह पर आया हूँ; यह मेरे घर और परिवार जैसा है। राजन शाही जी जिस तरह की लगन से कहानियां बुनते हैं और अपने किरदारों से प्यार करते हैं, वह वाकई प्रेरणादायक है। ” सचिन ने अपने किरदार की खूबियों की एक छोटी सी झलक देते हुए बताया, “अनुपमा का यह सफर मेरे लिए एक नया अध्याय है, और मुझे यकीन है कि शो के वफादार दर्शकों के लिए यह बहुत दिलचस्प होने वाला है। मेरा किरदार काफी जटिल है, जिसे कई परतों और अलग-अलग शेड्स के साथ लिखा गया है। हालांकि मैं अभी रोल के बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं दे सकता, लेकिन मुझे भरोसा है कि इस किरदार की गहराई और कहानी पर इसका असर दर्शकों को बहुत पसंद आएगा।”

