इंदौर: विजयनगर थाना क्षेत्र के बड़ी भमोरी इलाके में अपने दोस्त का पता न बताने पर एक युवक को बदमाशों के हमले का शिकार होना पड़ा। आरोपियों ने युवक को सरेराह रोककर गालियां दीं और विरोध करने पर उसकी जांघ में चाकू घोंप दिया।पुलिस के अनुसार, घटना बड़ी भमोरी क्षेत्र की है। फरियादी कुलदीप पिता राज लश्करी ने शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी सार्थक अपने कुछ अन्य साथियों के साथ उसके पास पहुंचा था। बदमाशों ने कुलदीप को घेर लिया और उसके दोस्त शिव के बारे में पूछताछ करने लगे।
सार्थक ने कुलदीप से पूछा कि तेरा दोस्त शिव कहां है?जब कुलदीप ने अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि उसे शिव के बारे में कोई जानकारी नहीं है, तो सार्थक और उसके साथी भड़क गए। आरोपी उसे सरेआम गालियां देने लगे। कुलदीप ने जब गाली देने से मना किया तो आरोपी सार्थक ने अपनी कमर में हाथ डालकर धारदार चाकू निकाला और कुलदीप के बाएं पैर की जांघ पर दे मारा।चाकू लगने से कुलदीप लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और उसके पैर से काफी खून बहने लगा। वारदात को अंजाम देकर सार्थक और उसके साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी सार्थक और उसके साथियों निवासी जीवन की फेल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
