
मुंबई। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ घर पर एकमात्र टेस्ट और तीन वनडे मुक़ाबलों के लिए चयनित भारतीय दल से आराम दिया गया है, जबकि टेस्ट दल में केएल राहुल ने उपकप्तान के रूप में ऋषभ पंत की जगह ली है। तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को पहली बार वनडे टीम में जगह मिली है। पिछले साल नवंबर में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ मिली 2-0 की हार के बाद भारत पहली बार टेस्ट खेलेगा। बुमराह के अलावा उस दल से नदारद रहने वाले खिलाड़ियों में बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा और तेज़ गेंदबाज़ आकाश दीप शामिल हैं। टेस्ट दल में बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर मानव सुथार और तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को पहली बार बुलावा आया है जबकि बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे को भी जगह मिली है। आईपीएल 2026 में अपनी तेज गेंदबाज़ी से प्रभावित करने वाले प्रिंस यादव को पहली बार भारतीय वनडे दल में जगह मिली है। प्रिंस के साथ ही बराड़ और दुबे को भी पहली बार वनडे टीम में जगह मिली है।
इशान किशन और हार्दिक पंड्या ने वनडे टीम में वापसी की है जबकि जनवरी में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज़ के लिए भारतीय दल से आयुष बदोनी, पंत, जडेजा, हर्षित राणा और मोहम्मद सिराज बाहर हैं। इस सीरीज़ में भारत को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था। जडेजा आईपीएल 2026 के अंतिम चरण में चोटिल हो गए थे जबकि राणा घुटने की सर्जरी के चलते पूरे सीजन से बाहर हो गए थे। एकमात्र टेस्ट 6 जून को न्यू चंडीगढ़ में शुरू होगा। जबकि तीन वनडे 14, 17 और 20 जून को क्रमश: धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे। इससे पहले भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच अब तक एक ही टेस्ट नवंबर 2018 में बेंगलुरु खेला गया है, जिसमें भारत ने दो दिन के भीतर एक पारी और 262 रनों से जीत दर्ज की थी। भारतीय टेस्ट दल : शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पड़िक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल भारतीय वनडे दल : शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे
