अवैध हथियार बनाने वाले फरार आरोपी रमेश सिकलीगर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

भीकनगांव, अवैध हथियारों के निर्माण एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खरगोन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी रमेश सिकलीगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध देसी पिस्टल बनाने और बेचने का काम करता था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 10 देसी पिस्टल बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है। साथ ही अवैध हथियार बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री भी जब्त की गई।

पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा के निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिट्टू सहगल के मार्गदर्शन में भीकनगांव एसडीओपी केतन अडलक के निर्देशन में बिस्टान, भीकनगांव, गोगावां एवं सनावद थानों की पुलिस टीम गठित की गई थी।

2025 के आर्म्स एक्ट मामले की जांच में सामने आया नाम

पुलिस के मुताबिक 31 अगस्त 2025 को थाना बिस्टान पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करते हुए राजस्थान के जालमचंद और जोधपुर निवासी रामसिंह को 2 देसी पिस्टल एवं 4 देसी कट्टों के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में थाना बिस्टान में अपराध क्रमांक 190/2025, धारा 25(1) आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि जब्त अवैध हथियारों को ग्राम सिगनूर निवासी रमेश सिकलीगर ने बनाकर आरोपियों को उपलब्ध कराया था। इसके बाद से रमेश पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस टीम द्वारा लगातार उसकी तलाश की जा रही थी।

निशानदेही पर नहर के पास से हथियार बरामद

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही पर ग्राम सिगनूर में नहर के पास छिपाकर रखी गई 10 देसी पिस्टल बरामद की गईं। पुलिस ने हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी रमेश सिकलीगर के खिलाफ अलग-अलग थानों में 11 आर्म्स एक्ट के प्रकरण दर्ज हैं। इनमें बिस्टान, कोतवाली खरगोन, चैनपुर, ऊन, गोगावां सहित अन्य थानों के मामले शामिल हैं। इसके अलावा वह GRP खंडवा के वर्ष 2021 के प्रकरण तथा STF इंदौर के मार्च 2026 के प्रकरण में भी फरार बताया गया था।

पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस अब उससे अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

एसडीओपी केतन अडलक का बयान

एसडीओपी भीकनगांव केतन अडलक ने बताया कि अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। फरार आरोपी रमेश सिकलीगर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 10 देसी पिस्टल बरामद की गई हैं। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के कई प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर अवैध हथियारों के निर्माण एवं सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

Next Post

छिंदवाड़ा के दो सितारों की मध्यप्रदेश की टीम में हुई एंट्री

Mon Sep 7 , 2026
छिंदवाड़ा। जिले की क्रिकेट प्रतिभाएं लगातार बड़े मंच पर अपनी चमक बिखेर रही हैं। सोमवार को जिले के क्रिकेट प्रेमियों को एक साथ दो बड़ी खुशखबरियां मिलीं। छिंदवाड़ा के सेजल अविनाश भादे का मध्यप्रदेश की अंडर 19 और पुष्कर विश्वकर्मा का अंडर 23 टीम में चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी […]

You May Like