
छिंदवाड़ा। जिले की क्रिकेट प्रतिभाएं लगातार बड़े मंच पर अपनी चमक बिखेर रही हैं। सोमवार को जिले के क्रिकेट प्रेमियों को एक साथ दो बड़ी खुशखबरियां मिलीं। छिंदवाड़ा के सेजल अविनाश भादे का मध्यप्रदेश की अंडर 19 और पुष्कर विश्वकर्मा का अंडर 23 टीम में चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी अब राज्य की टीम की जर्सी में मैदान पर उतरकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सेजल भादे को अंडर 19 टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में जगह मिली है। वे 20 से 24 सितंबर तक ग्वालियर में पंजाब के खिलाफ होने वाले लिमिटेड ओवर टूर्नामेंट में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। स्थानीय क्रिकेट में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने वाले सेजल के चयन को जिले की युवा प्रतिभाओं के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इसी तरह पुष्कर विश्वकर्मा को मध्यप्रदेश की अंडर-23 टीम में चुना गया है। वे 15 से 30 सितंबर तक विदर्भ के खिलाफ मल्टी डे क्रिकेट टूर्नामेंट में प्रदेश की टीम से खेलेंगे। पुष्कर एमपीएल में भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित कर चुके हैं।
आईपीएल में शामिल हुए थे मंगेश
बीता सीजन जिले के क्रिकेट के लिए खास रहा। मंगेश यादव ने आईपीएल में, जबकि वन्दित जोशी, अंचित ठाकुर, पुष्कर विश्वकर्मा और मंगेश यादव ने एमपीएल में अपनी प्रतिभा दिखाई। विदर्भ प्रीमियर लीग में शांतनु राजपूत ने भी छिंदवाड़ा का नाम रोशन किया। अब सेजल और पुष्कर के राज्य टीम में चयन ने जिले की क्रिकेट प्रतिभाओं की बढ़ती पहचान को और मजबूत किया है।
क्रिकेट संघ ने दी शुभकामनाएं
जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष जेपी सिंह, सचिव आशीष त्रिपाठी, आरके बेग, प्रशिक्षक असलम खान, जॉय पात्रा, देव खरे, विनोद जोशी, विशाल करमरकर, श्रांत चन्देल, मनोज राठौर, चेतन्य सेमेकर, अभिषेक वर्मा, बाबूलाल चौहान और राघवेंद्र उइके ने दोनों खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं दीं। संघ पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से छिंदवाड़ा और मध्यप्रदेश का नाम और ऊंचा करेंगे।
