नरसिंहगढ़/ब्यावरा:नरसिंहगढ़-बैरसिया मार्ग पर बरायठा के यहां मौजूद पार्वती नदी पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण पुल पर से बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद है, इससे नरसिंहगढ़ कृषि मंडी एवं नगर का व्यापार काफी प्रभावित हुआ है. नरसिंहगढ़ मंडी में आवक 25 प्रतिशत तक कम हो गई है.गौरतलब है कि बरायठा के समीप पार्वती नदी पुल के जर्जर होने पर इस पर से चार पहिया, बड़े वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह बंद कर दिया है. सर्वे उपरांत तकनीकि विशषज्ञों के द्वारा यहां नवीन पुल का निर्माण करने का निर्णय लिया गया है. इसके बाद जीर्णशीर्ण पुल से चार पहिया वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया गया.
मंडी में आवक घटी
नरसिंहगढ़ कृषि मंडी में बैरसिया सहित पुल के पार क्षेत्र से बड़ी संख्या में कृषक नरसिंहगढ़ मंडी में उपज बेचने आते है. किंतु पुल से आवाजाही बंद होने पर अब लगभग 25 प्रतिशत आवक प्रभावित हुई है. कई कृषक बैरसिया व अन्य समीप वाले स्थान पर उपज बेच रहे है. नरसिंहगढ़ मंडी प्रबंधन के अनुसार पूर्व में इस सीजन में उपज एवं प्याज, लहसुन सहित प्रतिदिन लगभग 25 हजार क्विंटल की आवक आती थी किंतु पुल बंद होने के बाद प्रतिदिन 18 से 19 हजार क्विंटल ही आवक आ पा रही है. इस तरह पुल के बंद होने से नरसिंहगढ़ मंडी की आवक काफी प्रभावित हुई है. आवक प्रभावित होने के साथ ही मंडी की आय भी प्रभावित हुई है.
नगर का व्यापार भी प्रभावित
नरसिंहगढ़ नगर के बाजार में भी प्रतिदिन बैरसिया क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन सामान की खरीदी हेतु आते रहे है. नगर के सूरजपोल क्षेत्र सहित बाजार से किराना, कपड़े, बर्तन व अन्य सामान, बिल्डिंग मटेरियल सामग्री खरीदी के लिए बैरसिया क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन आते है. परन्तु पुल पर से ट्रेक्टर ट्रॉली, पीकअप वाहन सहित चार पहिया वाहनों की आवाजाही बंद होने के कारण नगर का व्यापार काफी प्रभावित हुआ है.
वैकल्पिक मार्ग की दरकार
पार्वती नदी का जर्जर पुल का निर्माण नये सिरे से होगा इसमें काफी समय लगेगा ऐसे में यहां एक मजबूत और चौड़ाई वाले वैकल्पिक मार्र्ग की सख्त जरुरत है ताकि वाहनों की आवाजाही शुरु होकर आवागमन में आमजन को सुविधा हो सके. इससे मंडी में उपज लाने ले जाने में भी सुविधा हो सकेगी.
