विंध्य क्षेत्र में सक्रिय अवैध नशीले कफ सिरप तस्करी गिरोह का पर्दाफाश

सीधी। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन “प्रहार 2.0” के अंतर्गत नशे के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के नेतृत्व में थाना कमर्जी पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए विंध्य क्षेत्र में सक्रिय नशीले कफ सिरप तस्करी गिरोह का खुलासा किया गया। कार्यवाही के दौरान भारी मात्रा में अवैध आनरेक्स कफ सिरप एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 11 लाख 88 हजार 918 रुपये का मशरूका जप्त किया गया। पुलिस के अनुसार दिनांक 18 मई 2026 को थाना कमर्जी पुलिस टीम द्वारा ग्राम बरिगवां क्षेत्र में जुर्म-जरायम पतासाजी एवं अवैध मादक पदार्थ संबंधी सूचना की तस्दीक की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन क्रमांक एमपी 53 जेडडी 2859, जिसमें “जय बाबा नीम करौरी महाराज, माता-पिता का आशीर्वाद” लिखा हुआ है, में भारी मात्रा में अवैध नशीला कफ सिरप लोड कर सीधी की ओर ले जाया जा रहा है। साथ ही एक सफेद रंग की टाटा कर्व वाहन क्रमांक एमपी 53 जेडएफ 7457 भी संदिग्ध रूप से साथ चल रही है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा पंचगणों की उपस्थिति में मुखबिर सूचना पंचनामा तैयार कर अमल्लकपुर-कोलघाट मार्ग पर घेराबंदी की गई। घेराबंदी के दौरान कोलघाट रोड स्थित पहाड़ी क्षेत्र में संदिग्ध बोलेरो वाहन लावारिस अवस्था में खड़ा मिला। वाहन की तलाशी वीडियोग्राफी एवं पंचगणों की उपस्थिति में ली गई, जिसमें कुल 05 सफेद बोरियों में रखे कार्टूनों से 912 शीशी आनरेक्स कफ सिरप बरामद किया गया। प्रत्येक शीशी 100 एमएल की थी, जिसमें कोडीन फास्फेट पाया गया। प्राप्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 1 लाख 83 हजार 768 रुपये तथा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। वाहन से आरोपी प्रीतम पटेल उर्फ सनी निवासी चिलरी खुर्द थाना कमर्जी के दस्तावेज, बैंक कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस एवं नगदी राशि 5,150 रुपये भी बरामद किए गए।

अवैध मादक पदार्थ लाकर तस्करी का खुलासा-

प्रारंभिक विवेचना एवं मुखबिर सूचना से यह तथ्य सामने आया कि आरोपी प्रीतम पटेल उर्फ सनी एवं अनिल पटेल उर्फ डीजे वाला निवासी दादर पोस्ट लकोड़ा थाना कमर्जी, रीवा क्षेत्र से अवैध मादक पदार्थ लाकर विंध्य क्षेत्र में तस्करी करते थे। दोनों आरोपी अवैध ड्रग कारोबार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, मादक पदार्थों की तस्करी करने एवं अपराधियों को संरक्षण देने में संलिप्त पाए गए हैं। टनल मोहनिया के सीसीटीवी फुटेज से भी आरोपियों की गतिविधियों की पुष्टि हुई है। पुलिस दबिश की आशंका पर आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। आरोपियों की तलाश हेतु संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है तथा अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्रित कर विश्लेषण किया जा रहा है।

अपराध पंजीवद्व कर विवेचना शुरू

आरोपीगण के विरुद्ध थाना कमर्जी में धारा 8, 21, 22, 27- ए एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी कमर्जी उप निरीक्षक इन्द्राज सिंह, प्रआर अभय वर्मा, आरक्षक मुकेश रावत, दीपक सिंह, शिवम पाण्डेय एवं सोनू यादव का सराहनीय योगदान रहा।

Next Post

सिंगपुर के पास मिला 4 वर्षीय नर काले हिरण का शव, वन विभाग ने कराया पोस्टमार्टम

Tue May 19 , 2026
दमोह। दमोह वन परिक्षेत्र अंतर्गत सिंगपुर के पास अज्ञात कारणों के चलते लगभग 4 वर्षीय नर काले हिरण के मृत होने का मामला सामने आया है.ग्रामीणों की सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत हिरण को 112 डायल द्वारा दमोह वन डिपो लाया गया. […]

You May Like