हादसा: खाई में गिरी बाइक, एक की मौत, दो घायल

सीधी। जिले के कमर्जी थानांतर्गत हटवा बरहा टोला में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर आज दोपहर कमर्जी की तरफ से अमिलिया की ओर जा रहे थे। वे अपने गांव कोल्हूडीह लौट रहे थे। इसी दौरान हटवा बरहा टोला के पास अचानक सड़क पर गड्ढा आने से बाइक अनियंत्रित हो गई और फिसलते हुए सड़क के नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान बाइक रामकृष्ण विश्वकर्मा के ऊपर गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल सोनू विश्वकर्मा ने बताया कि बाइक रामकृष्ण चला रहा था। अचानक सड़क पर गड्ढा आने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों नीचे खाई की ओर गिर गए। हादसे में सोनू विश्वकर्मा और तुलसी विश्वकर्मा को गंभीर चोटें आई हैं।

सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय सीधी पहुंचाया। सोनू विश्वकर्मा की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रीवा रेफर कर दिया, जबकि तुलसी विश्वकर्मा का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है। वहीं मृतक रामकृष्ण विश्वकर्मा 25 वर्ष के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। कमर्जी थाना प्रभारी सुधाकर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। मामले की जांच की जा रही है और हादसे के संभावित कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Next Post

जिले के 184 शिक्षक बने कैरियर मार्गदर्शक, बताएंगे रोजगार एवं कैरियर के अवसर

Thu Nov 19 , 2026
सीधी, विद्यार्थियों को उनकी रुचि, प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप कैरियर चयन के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में नई पहल की गई है। इसके तहत जिले के 184 शिक्षकों को कैरियर मार्गदर्शक के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। ये शिक्षक अब अपने-अपने विद्यालयों में […]

You May Like