
सीहोर. शुक्रवार को जिले की कृषि उपज मंडी सहित समर्थन मूल्य खरीदी केन्द्र सायलो पर उपज की रिकार्ड आवक हुई. रात से ही किसान उपज से लदी ट्रैक्टर- ट्रालियों के साथ सायलो के बाहर कतारबद्ध हो गए थे. आलम यह था कि सायलो से चार किमी दूर ग्राम जमोनिया तक ट्रैक्टर- ट्रालियों की लंबी कतारें ही नजर आ रही थीं. सायलो में लगभग 12 हजार क्विंटल उपज की खरीदी हुई तो मंडी में भी देर शाम तक किसानों की उपज तुल रही थी.
जिले में रबी फसल की कटाई लगभग पूर्ण हो चुकी है. मंडी इन दिनों किसानों की भीड़ से गुलजार है. ऐसा ही आलम समर्थन मूल्य के खरीदी केन्द्रों पर भी देखने को मिल रहा है. शनिवार और रविवार का अवकाश होने के कारण शुक्रवार को रिकार्ड आवक हुई. गुरुवार की शाम से ही सायलो के बाहर उपज से लदी ट्रैक्टर- ट्रालियों की कतारें लगना शुरू हो गई थी. रात तक कतार ग्राम जमोनिया तालाब तक पहुंच गई थी. ऐसा ही हाल कृषि उपज मंडी के बाहर भी देखा गया. बड़ी संख्या में ट्रैक्टर- ट्राली लेकर आए किसान मंडी प्रांगण के शेड में खड़े थे. रात तक सभी शेड ट्रालियों से खचाखच भरा गए थे. इसके बाद भी काफी ट्रैक्टर- ट्रालियां बाहर खड़ी थीं ताकि सुबह नीलामी शुरू होने के बाद शेड खाली होते ही वह प्रांगण में आ सकें. अधिकांश किसान अपने साथ कलेवा भी लेकर आए थे. कई तो सड़क किनारे भोजन बनाते नजर आए. खुले आसमान के नीचे रात बिताकर वह सुबह होने का इंतजार कर रहे थे.
