
जबलपुर। रेलवे सुरक्षा बल ने गश्त के दौरान सतपुला साइडिंग क्षेत्र से दो शातिर चोरों दिनेश उर्फ भूत चौधरी निवासी बरेला और लोकेश उर्फ हर्ष सिंह थापा निवासी गोरा बाजार को रंगे हाथ दबोचा। पूछताछ के बाद पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले उखरी चौराहा के एक कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों के पास से रेलवे के कोच और इंजन से निकाले गए रेल लाइन के टुकड़े और कॉपर वायर बरामद किए गए हैं। आरपीएफ ने इन तीनों आरोपियों के खिलाफ रेल संपत्ति अवैध कब्जा अधिनियम 1966 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे सुबह के वक्त भी इसी रेलवे परिसर में घुसे थे। वहां से उन्होंने रेल लाइन के 2 टुकड़े चुराए और एक ऑटो में लादकर उखरी चौराहा स्थित कबाड़ी की दुकान पर बेच आए। इसके बाद ज्यादा मुनाफा कमाने के लालच में वे उसी दिन दोबारा साइडिंग क्षेत्र में आ गए। इस बार वे कोच और इंजन के कीमती हिस्सों को निशाना बनाने की फिराक में थे।
दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए
रेलवे सुरक्षा बल इन दिनों रेल संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर है। इसी कड़ी में उपनिरीक्षक अरविंद सिंह और आरक्षक हरीकेश दुबे गोकलपुर रांझी क्षेत्र में गश्त पर तैनात थे। गश्त के दौरान उन्हें सतपुला रेलवे साइडिंग के पास खड़े एक इंजन के पास दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। सुरक्षाकर्मियों ने जब घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की, तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।
