इंदौर: एरोड्रम थाना क्षेत्र में स्थित नवग्रह जिनालय जैन मंदिर में देर रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है. नकाबपोश बदमाशों ने मंदिर में घुसकर अष्टधातु और चांदी की प्रतिमाएं सहित नकदी पर हाथ साफ कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट रोड स्थित ग्रेटर बाबा परिसर में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2:30 बजे के बीच पांच बदमाश मंदिर के पीछे लगे चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे.
सभी आरोपी हथियारों से लैस थे और करीब एक घंटे तक परिसर में रहकर आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बदमाश मंदिर से अष्टधातु की 4 प्रतिमाएं, चांदी के सामान, कलश और छत्रदान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी ले गए. सुबह करीब 5 बजे मंदिर खुलने पर घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही एरोड्रम पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं. सीसीटीवी फुटेज में पांचों बदमाश साफ नजर आए हैं. पुलिस अब उनके आने-जाने के रास्तों की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है.
