
उमरिया। केंद्र एवं राज्य सरकार की शिक्षा नीति के अंतर्गत छात्रों को व्यवसायिक पाठ्यक्रम से जोड़ने के उद्देश्य से शासकीय स्कूलों में नवाचार जारी है। इसी क्रम में 26 सितंबर 2025 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निपानिया के छात्रों को शासकीय आईटीआई पाली में औद्योगिक भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर आईटीआई पाली के शिक्षक विजय बोतरे ने छात्रों को विभिन्न ट्रेड्स और वर्कशॉप की जानकारी दी। स्कूल प्राचार्य सोहन सिंह धुर्वे ने भ्रमण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास छात्रों को शिक्षा के विविध आयामों से जोड़ते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करते हैं। व्यावसायिक शिक्षक देवकी नंदन तिवारी और प्रदीप सिंह राठौर ने भी छात्रों से संवाद कर कौशल विकास की महत्ता पर प्रकाश डाला।
