
इटारसी। नगर पालिका परिषद के सभागार में मंगलवार को चार कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कर्मचारियों के लंबे और समर्पित सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ एवं फूलमालाओं से सम्मानित किया। सेवानिवृत्त होने वालों में बादामी लाल कहार (41 वर्ष से अधिक), नरेश कुमार धारू (25 वर्ष से अधिक), सुरेश नन्हें (36 वर्ष से अधिक) एवं श्रीमती उर्मिला श्रीराम (37 वर्ष से अधिक सेवाकाल) शामिल हैं। इस अवसर पर अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा, “पद और जिम्मेदारियां समय के साथ बदल जाती हैं, लेकिन ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा का मूल्य हमेशा अमर रहता है। आप सभी ने अपने कार्य से नगर पालिका की गरिमा बढ़ाई है।” उन्होंने कहा, “सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का माध्यम है। आपने दशकों तक पूरी निष्ठा के साथ नगरवासियों की सेवा की है, इसके लिए नगर पालिका परिवार सदैव आपका ऋणी रहेगा।” श्री चौरे ने आगे कहा, “सेवानिवृत्ति जीवन की नई शुरुआत है। अब आपके पास अपने परिवार, समाज और नई पीढ़ी को अपने अनुभवों से मार्गदर्शन देने का अवसर है। मुझे विश्वास है कि आपका अनुभव समाज के लिए आगे भी उपयोगी सिद्ध होगा।”समारोह में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री सुरेखा जाटव,उपाध्यक्ष श्री निर्मल सिंह राजपूत जी स्वास्थ्य समिति सभापति राकेश जाधव राजेंद्र शर्मा जी सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी चारों कर्मचारियों का सम्मान किया। वक्ताओं ने उनके अनुशासन, सरल स्वभाव और उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि नगर पालिका परिवार उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद रखेगा।कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों ने तालियों की गूंज और आत्मीय शुभकामनाओं के बीच सेवानिवृत्त साथियों को भावभीनी विदाई दी। समारोह का वातावरण लंबे समय तक भावुक बना रहा।
