
इंदौर. शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में शामिल बजाज खाना चौक पर देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने तलवार लेकर घूम रहे एक बदमाश को धर दबोचा. आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार के साथ घूमकर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरु की.
थाना प्रभारी राजकुमार लिटोरिया ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि बजाज खाना चौक के आसपास एक युवक संदिग्ध हालत में घूम रहा है और उसके पास धारदार हथियार है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम को मौके पर रवाना किया और संभावित रास्तों पर घेराबंदी की गई. कुछ ही देर में पुलिस ने बताए गए हुलिए के युवक को चिन्हित कर रोका. तलाशी लेने पर उसके पास से एक तलवार बरामद हुई. पूछताछ में आरोपी की पहचान अनिल पिता रमेश जायसवाल निवासी टाटपट्टी बाखल के रूप में हुई. पुलिस ने मौके पर ही हथियार जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया. स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने बताया कि आरोपी पहले भी क्षेत्र में सिरफिरेपन की हरकतें कर चुका है. कभी बेवजह गाली-गलौज तो कभी बिजली के डीपी पर चढ़ने जैसी हरकतों से लोग पहले से ही परेशान थे. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है. यह भी जांच की जा रही है कि वह हथियार लेकर किस उद्देश्य से निकला था और उसके खिलाफ पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं.
