मुंबई | बॉलीवुड की सबसे चर्चित फ्रेंचाइजी ‘डॉन 3’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। रणवीर सिंह के प्रोजेक्ट से अलग होने के बाद, अब किंग खान यानी शाहरुख खान की इस प्रतिष्ठित रोल में वापसी की संभावनाएं बढ़ गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शाहरुख खान दोबारा ‘डॉन’ बनने के लिए पूरी तरह मना नहीं कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने इसके लिए एक खास शर्त रख दी है। बताया जा रहा है कि शाहरुख चाहते हैं कि ‘जवान’ के ब्लॉकबस्टर निर्देशक एटली को फिल्म के स्केल, ट्रीटमेंट और एक्शन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के लिए प्रोजेक्ट में शामिल किया जाए। यदि यह तालमेल बैठता है, तो ‘डॉन 3’ एक ऐतिहासिक सिनेमैटिक अनुभव साबित हो सकती है।
रणवीर सिंह ने ‘डॉन 3’ को क्यों अलविदा कहा, इसे लेकर भी गलियारों में कई तरह की चर्चाएं हैं। खबरों की मानें तो फिल्म ‘धुरंधर’ की जबरदस्त सफलता के बाद रणवीर अपनी छवि को लेकर काफी सतर्क हो गए हैं और वे खुद को एक ही तरह के गैंगस्टर या एक्शन जॉनर में दोहराना नहीं चाहते। रणवीर अब संजय लीला भंसाली और लोकेश कनगराज जैसे निर्देशकों के साथ अलग तरह के प्रोजेक्ट्स पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, फिल्म की लीड एक्ट्रेस को लेकर भी सस्पेंस बरकरार है। कियारा आडवाणी के हटने के बाद अब कृति सेनन का नाम रेस में सबसे आगे चल रहा है।
‘डॉन 3’ अपनी कास्टिंग और रचनात्मक बदलावों के कारण लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म के विलेन के किरदार के लिए पहले विक्रांत मैसी और विजय देवरकोंडा जैसे सितारों को अप्रोच किया गया था, लेकिन स्क्रिप्ट में किरदार की गहराई की कमी के चलते उन्होंने इस ऑफर को ठुकरा दिया। अब फिल्म के निर्माता फरहान अख्तर एक ऐसी टीम तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं जो दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतर सके। फिलहाल फैंस की नजरें शाहरुख खान और एटली के बीच होने वाले आधिकारिक करार पर टिकी हैं, क्योंकि किंग खान की वापसी ही इस प्रोजेक्ट को फिर से मेगा बजट ब्लॉकबस्टर बना सकती है।

