शिवपुरी:शिवपुरी में माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन, रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन और मध्य प्रदेश शासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर ने सेवा और समर्पण का एक नया इतिहास रच दिया है। इस चिकित्सा शिविर को “एक ही स्थान पर आयोजित सबसे बड़ा निःशुल्क मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल कैंप” के रूप में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा आधिकारिक मान्यता प्रदान की गई है।
इस शिविर में हजारों मरीजों को एक ही स्थान पर उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इस शिविर में देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को परामर्श, अत्याधुनिक जांच, आवश्यक दवाइयां और जटिल उपचार सेवाएं प्रदान की गईं, जिससे क्षेत्र के हजारों परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिला। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि यह रिकॉर्ड केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि हमारे उस संकल्प की सिद्धि है जिसके केंद्र में ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ की भावना है। हमारा उद्देश्य है कि क्षेत्र का कोई भी गरीब या जरूरतमंद व्यक्ति बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे। शिवपुरी की जनता का स्नेह, डॉक्टरों का समर्पण और स्वयंसेवकों की सेवा भावना ने इस कीर्तिमान को संभव बनाया है।
