
सिंगरौली । शासकीय सांदीपनि उमावि, चकरिया के कक्षा 11वीं के छात्र विजय शंकर ने क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। शालेय कबड्डी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन म.प्र. की अंडर-17 कबड्डी टीम में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। विजय शंकर ने निरंतर अभ्यास, खेल के प्रति समर्पण और कठिन परिश्रम के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का परिचय देने के बाद प्रदेश की टीम में स्थान बनाना उनकी लगन और कौशल का प्रमाण है। उनकी इस सफलता ने विद्यालय की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।
