हैदराबाद, 03 मई (वार्ता) वरुण चक्रवर्ती (तीन विकेट), सुनील नारायण और कार्तिक त्यागी (दो-दो विकेट) की अगुवाई गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम कोलकाता नाइट राइडर्स ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 45वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 19 ओवर में 165 रन के स्कोर पर ढेर कर दिया। आज यहां सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। चौथे ओवर में अभिषेक शर्मा (15) का विकेट गिरने के बाद ट्रेविस हेड और इशान किशन की जोड़ी ने हैदराबाद की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट लिए 61 रनों की साझेदारी हुई। नौवें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने ट्रेविस हेड को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। ट्रेविस हेड ने 28 गेंदों में नौ चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 61 रनों की पारी खेली।
इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजी आक्रमण के आगे सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल सके और अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। इशान किशन ने 29 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए (42) रन बनाये। कप्तान पैट कमिंस 10 रन बना कर आउट हुये। सनराइजर्स के छह बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। एक समय नौ ओवर में दो विकेट पर 105 रन बना चुकी सनराइजर्स ने महज 60 रन जोड़कर अपने आठ विकेट गंवाये। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर कार्तिक त्यागी ने हर्षल पटेल (छह) को आउट कर सनराइजर्स हैदाराबाद की पारी को 165 रन के स्कोर पर अंत किया। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए वरुण चक्रवर्ती ने तीन विकेट लिये। सुनील नारायण और कार्तिक त्यागी को दो-दो विकेट मिले। अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, कमरून ग्रीन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

