
शाजापुर। रविवार को जिले भर में शिवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा. आयोजन को लेकर शिवालयों में तैयारियां की जा रही है. इसी को लेकर बुधवार को नगर के प्राचीन श्री ओंकारेश्वर महादेव मंदिर व श्री घाट स्थित शिव मंदिर में महादेव को हल्दी व मेहंदी लगाकर श्रद्धालुओं ने मंगल गीत गाए.
आयोजन की शुरूआत 10 फरवरी को श्री गणेश पूजन से हो गई, आयोजन के दूसरे दिन बुधवार को मंदिर में महिलाओं ने महादेव को हल्दी व मेहंदी लगाई गई. इसके बाद महिलाएं मंगल गीत गाते हुए ढोल ढमाकों के साथ कुम्हार के यहां पहुंचे और चॉक का पूजन कर चॉक बधाई दी गई. वहीं खल मट्टी पूजा की गई.
गणेश पूजन, माता पूजन की रस्में निभाई
इसके बाद महिलाओं ने मंदिर पहुंचकर गणेश पूजन, माता पूजन की रस्में निभाई. आयोजन के अगले दिन गुरूवार को भी मंदिर में शिव विवाह को लेकर आयोजन किए जाएंगे. इसके बाद 15 फरवरी को माता पार्वती संग महादेव का विवाह धूमधाम से होगा. जिसके लिए तैयारियोंं को अंतिम रूप देने के साथ ही पांच दिवसीय विवाह महोत्सव भी मनाया जा रहा है. जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर नाच.गाकर विवाह की खुशियां मना रहे हैं.
मंदिरों में हो रहा रंग रोगन, विद्युत सज्जा
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शिव विवाह को लेकर भक्तों में उत्साह नजर आ रहा है जो शिवालयों को सजाने में जुट गए हैं. कहीं रंग रोंगन किया जा रहा है तो कहीं आकर्षक विद्युत सज्जा की तैयारियां की जा रही है. नगर के ओंकारेश्वर महादेव मंदिर सहित श्री घाट, भीमघाट, नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर, मंगलनाथ महादेव मंदिरों में सुबह से शाम तक श्रद्धालु शिव विवाह की तैयारियों में जुटे नजर आ रहे हैं.
