ट्रंप की टैरिफ नीति पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अमेरिकी प्रमुख बंदरगाहों ने स्थिरता की मांग की

लॉस एंजिल्स, 22 फरवरी (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की आयात शुल्क नीति के बड़े हिस्से को उच्चतम न्यायालय के अवैध करार दिए जाने के बाद दक्षिणी कैलिफोर्निया के प्रमुख बंदरगाहों और छोटे व्यवसायों ने व्यापार नीतियों में स्पष्टता और स्थिरता की मांग की है।

अदालत ने 6-3 के बहुमत से दिए गए फैसले में अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्तियां अधिनियम के तहत लागू की गई आयात शुल्क व्यवस्था को गैरकानूनी ठहराया है।

इस निर्णय का असर देश के दो सबसे व्यस्त व्यापारिक केंद्रों लॉन्ग बीच बंदरगाह और लॉस एंजिल्स बंदरगाह पर व्यापक रूप से पड़ने की संभावना है। ये दोनों मिलकर अमेरिका का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रवेश द्वार बनाते हैं।

पोर्ट ऑफ लॉन्ग बीच के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नोएल हसेगाबा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह फैसला आपूर्ति श्रृंखला में अधिक निश्चितता लाएगा। ट्रंप प्रशासन के दौरान विशेष रूप से चीन और अन्य व्यापारिक साझेदार देशों पर लगाए गए टैरिफ से इन बंदरगाहों के कार्गो मात्रा, रोजगार और दीर्घकालिक योजनाओं पर व्यापक प्रभाव पड़ा था।

आयात शुल्क की समय-सीमा से पहले आयातकों द्वारा बड़े पैमाने पर सामान मंगाए जाने से बंदरगाहों पर अस्थायी दबाव बढ़ा है जबकि अन्य समय में बढ़ी लागत के कारण आयात में गिरावट भी देखी गई। इस उतार-चढ़ाव ने बंदरगाह प्राधिकरणों और लॉजिस्टिक्स कंपनियों की योजना-प्रक्रिया को जटिल बना दिया है।

पोर्ट ऑफ लॉस एंजिल्स के कार्यकारी निदेशक जीन सेरोका ने फैसले को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अभी भी कई सवाल अनुत्तरित हैं। उनके अनुसार, अब तक वसूले गए लगभग दो-तिहाई आयात शुल्क इस निर्णय से प्रभावित होते हैं, जिससे नयी अनिश्चितताएं पैदा हो सकती हैं।

इसी बीच,श्री ट्रंप ने शनिवार को वैश्विक स्तर पर 15 प्रतिशत आयात शुल्क लगाने की इच्छा जताई, जो एक दिन पहले घोषित 10 प्रतिशत से अधिक है। फैसले का समय भी अहम है, क्योंकि यह चीनी नववर्ष के दौरान आया है, जब चीन और एशिया के कई हिस्सों में फैक्ट्रियां अस्थायी रूप से बंद रहती हैं। उत्पादन रुकने के कारण कार्गो मात्रा में मौसमी गिरावट पहले से ही देखी जा रही है।

सेरोका ने यह भी कहा कि पहले से चुकाए गये आयात शुल्क की वापसी को लेकर अमेरिकी कोषागार विभाग की ओर से अभी स्पष्टता नहीं है।

लॉस एंजिल्स और लॉन्ग बीच के बंदरगाह प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाखों नौकरियों को सहारा देते हैं। जब आयात शुल्क के कारण व्यापार प्रभावित हुआ, तो इसका असर स्थानीय अर्थव्यवस्था और श्रमिकों जैसे डॉकवर्कर्स, ट्रक ड्राइवर, गोदाम कर्मचारी और कस्टम एजेंट पर भी पड़ा था।

आयात शुल्क से प्रभावित हुए दक्षिणी कैलिफोर्निया के कई छोटे व्यवसाय अब कथित रूप से अवैध वसूले गए शुल्क की वापसी की मांग कर रहे हैं। एक स्थानीय इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी ने कहा कि सरकारी रियायत ही उनके व्यवसाय को बचा सकता है।

बंदरगाह अधिकारियों का कहना है कि वैश्विक व्यापार को सुचारू बनाए रखने के लिए स्थिर और पूर्वानुमेय व्यापार नीति अत्यंत आवश्यक है।

Next Post

ब्रज रंगोत्सव प्रारंभ, होली के भजनों संग मारवाड़ी महिलाओं ने खेली फूलों की होली

Sun Feb 22 , 2026
इटारसी। आज से इटारसी में ब्रज की पारंपरिक होली का आगाज मारवाड़ी समाज में हो गया। जिसके अनुक्रम में आज शाम 5 बजे, नवमी लाइन में श्रीमती रीटा चंद्रकांत अग्रवाल की मेजबानी में बड़ी संख्या में उपस्थित मारवाड़ी महिलाओं ने राधा कृष्ण संग संगीतमय होली भजनों के साथ गुलाल और […]

You May Like