जबलपुर: गोरखपुर थाना अंतर्गत रतन कॉलोनी स्थित शराब ठेकेदार आशीष शिवहरे के दफ्तर को निशाना बनाते हुए तीन बदमाशों ने देर रात ताबड़तोड़ बमबाजी की। इस वारदात का मुख्य उद्देश्य इलाके में दहशत फैलाना और अवैध वसूली के लिए दबाव बनाना बताया जा रहा है।जानकारी के अनुसार, शराब ठेकेदार आशीष शिवहरे का रतन कॉलोनी में कार्यालय है। बीती रात करीब 2 से 2:30 बजे अचानक हुए बम धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा। शराब ठेकेदार के दफ्तर के सामने आए बदमाशों ने एक के बाद एक बम फेंके। लोग सहम गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से तेजी से फरार हो गए।
शराब ठेकेदार के कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी अशोक मिश्रा ने बताया कि बम फेंकने वाले हमलावरों की संख्या तीन थी। वे तीनों एक एक्सेस स्कूटर पर सवार होकर आए थे। अशोक मिश्रा के मुताबिक, वारदात के वक्त उन्होंने तीनों युवकों को देख लिया था और उनकी पहचान कर ली गई है। बताया जा रहा है कि उक्त बदमाश पिछले कुछ समय से शराब ठेकेदार पर अवैध वसूली के लिए लगातार दबाव बना रहे थे।
जब उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो ठेकेदार और उनके कर्मचारियों को डराने-धमकाने के उद्देश्य से इस बमबाजी की घटना को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस रतन कॉलोनी और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के भागने के रूट और स्कूटर के नंबर का पता लगाया जा सके। एक संदेही को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही।
