अमेरिकी संसद राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर चीन निर्मित एआई मॉडलों की कर रहा जांच

वॉशिंगटन, 01 मई (वार्ता) अमेरिकी संसद की दो शक्तिशाली समितियों ने चीन से जुड़ी कंपनियों द्वारा बनाए गए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मॉडल की एक बड़ी जांच शुरू की है। सांसदों को डर है कि इन चीनी एआई मॉडलों से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और साइबर सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है, जिसमें डेटा की चोरी और रणनीतिक रूप से चीन पर बढ़ती निर्भरता शामिल है।

होमलैंड सिक्योरिटी कमेटी के अध्यक्ष एंड्रयू आर. गारबारिनो और चीन मामलों की कमेटी के अध्यक्ष जॉन मूलनार ने इस जांच का ऐलान किया। उनका मुख्य ध्यान डीपसीक, अलीबाबा, मूनशॉट एआई और मिनीमैक्स जैसी चीनी कंपनियों पर है, जिनके सस्ते एआई सिस्टम दुनिया भर में बहुत तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।

जांच में सबसे बड़ा आरोप यह है कि चीनी कंपनियां ‘मॉडल डिस्टिलेशन’ नाम की तकनीक का इस्तेमाल कर रही हैं। आसान भाषा में कहें तो, ये कंपनियां अवैध तरीकों और फर्जी खातों के जरिए अमेरिका के महंगे और आधुनिक एआई सिस्टम की खूबियां चुरा लेती हैं। फिर वे उन्हीं खूबियों को अपने सस्ते एआई मॉडल में डाल देती हैं, लेकिन उनमें वो सुरक्षा घेरे (सेफगार्ड्स) नहीं होते जो अमेरिकी सिस्टम में अनिवार्य हैं।

सांसदों ने चेतावनी दी है कि अमेरिकी कंपनियां शोध में अरबों डॉलर खर्च करती हैं, जबकि चीनी कंपनियां बहुत कम लागत में उस मेहनत को चुरा रही हैं। उन्होंने कहा कि बिना सुरक्षा मानकों वाले इन मॉडलों का इस्तेमाल आतंकी संगठन, अपराधी या दुश्मन देश गलत कामों के लिए कर सकते हैं।

जांच के पहले चरण में ‘एनीस्फीयर’ और ‘एयरबीएनबी’ जैसी कंपनियों से जवाब मांगा गया है। एयरबीएनबी से पूछा गया है कि वह अपनी ग्राहक सेवा के लिए अलीबाबा के एआई मॉडल पर क्यों निर्भर है। सांसदों का मानना है कि सिर्फ ‘सस्ता और तेज’ होने के चक्कर में इन मॉडलों को अपनाना उपयोगकर्ताओं के निजी डेटा को खतरे में डाल सकता है।

व्हाइट हाउस के एक हालिया ज्ञापन में भी यह कहा गया था कि अमेरिका की एआई तकनीक की नकल करने की विदेशी कोशिशें दरअसल एक सुनियोजित अभियान का हिस्सा हैं। आंकड़े बताते हैं कि चीनी एआई मॉडलों का इस्तेमाल दुनिया भर में बहुत तेजी से बढ़ा है। वर्ष 2024 के अंत में इनका उपयोग सिर्फ एक प्रतिशत था, जो 2025 के अंत तक बढ़कर लगभग 30 प्रतिशत हो गया है।

जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। सरकारी परीक्षणों में पाया गया है कि कुछ चीनी एआई मॉडल संवेदनशील राजनीतिक मुद्दों पर वही बातें बोलते हैं जो चीन की कम्युनिस्ट पार्टी चाहती है। सांसदों का कहना है कि जो कंपनियां इन मॉडलों को अपना रही हैं, वे सिर्फ एक सस्ता टूल नहीं खरीद रहीं, बल्कि एक ऐसा ढांचा अपने सिस्टम में ला रही हैं जिसे चीनी सरकार की सेवा के लिए बनाया गया है।

हाल के महीनों में हुई सुनवाइयों में यह बात भी उठी है कि चीन समर्थित हैकर्स पहले से ही इन उन्नत एआई सिस्टम का इस्तेमाल साइबर हमले करने के लिए कर रहे हैं। अब यह जांच तय करेगी कि विदेशी एआई सिस्टम पर अमेरिकी कंपनियों की निर्भरता कितनी खतरनाक है और क्या इसे रोकने के लिए नए कानून बनाने की जरूरत है।

 

 

 

Next Post

लहार कस्बे में जनगणना का पहला चरण आज से शुरू

Fri May 1 , 2026
भिंड:लहार कस्बे में जनगणना का पहला चरण आज से शुरू हो गया। 600 कर्मचारी मकानों का नंबरीकरण कर रहे हैं जबकि 2027 में व्यक्तिगत गणना कार्य होगा। भिंड जिले के लहार में आज 1 मई से जनगणना प्रक्रिया का प्रथम चरण शुरू हो गया है। लहार एसडीएम विजय सिंह यादव […]

You May Like