मुल्लांपुर | आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग एक गंभीर विवाद में फंस गए हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ मुल्लांपुर में खेले गए मुकाबले के दौरान, राजस्थान की पारी के 16वें ओवर में कैमरा जब ड्रेसिंग रूम की ओर मुड़ा, तो पराग को वेप (Vape) का इस्तेमाल करते हुए देखा गया। भारत में वेपिंग पर कड़ा प्रतिबंध होने के कारण इस घटना ने खेल जगत में हलचल मचा दी है। बीसीसीआई ने इसे आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.21 का उल्लंघन मानते हुए उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया है और साथ ही एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया है।
राजस्थान रॉयल्स की टीम इस सीजन में अंक तालिका के टॉप-4 में बनी हुई है, लेकिन कप्तान रियान पराग का व्यक्तिगत फॉर्म चिंता का विषय बना हुआ है। उन्होंने अब तक खेले गए 9 मैचों में केवल 117 रन बनाए हैं। पंजाब के खिलाफ अहम मोड़ पर आउट होने के तुरंत बाद ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करने की इस घटना ने फैंस और खेल विशेषज्ञों के बीच तीखी बहस छेड़ दी है। बोर्ड के अनुसार, एक कप्तान के तौर पर ऐसा व्यवहार खेल की गरिमा और युवा दर्शकों पर गलत प्रभाव डालता है, जिसके लिए उन्हें सख्त चेतावनी भी दी गई है।
यह पहला मौका नहीं है जब किसी स्टार क्रिकेटर को लाइव मैच के दौरान स्मोकिंग या वेपिंग करते देखा गया हो। इससे पहले 2020 आईपीएल में एरोन फिंच और इसी साल जनवरी में एबी डिविलियर्स को भी वेपिंग करते पकड़ा गया था। दिलचस्प बात यह है कि ब्रैंडम मैकुलम ने 2015 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल और बेन स्टोक्स ने 2019 वर्ल्ड कप फाइनल के तनावपूर्ण पलों के दौरान लॉर्ड्स के वॉशरूम में स्मोकिंग करने की बात खुद स्वीकार की थी। हालांकि, आधुनिक क्रिकेट में सख्त नियमों और कैमरों की पैनी नजर के कारण अब ऐसे व्यवहार पर कड़ी नियामक कार्रवाई की जा रही है।

