न्यूयॉर्क, 01 मई (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने बुद्ध जयंती (वैसाख दिवस) के अवसर पर दुनिया भर के बौद्ध समुदाय को शुभकामनाएं देते हुए वैश्विक शांति और एकजुटता का आह्वान किया है। श्री गुटेरेस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि वैसाख दिवस पर दुनिया भर के बौद्ध भगवान बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और उनके महापरिनिर्वाण का स्मरण करते हैं।
उन्होंने वर्तमान वैश्विक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष वैसाख का यह अवसर ऐसे समय में आया है जब दुनिया भू-राजनीतिक तनावों, विभाजन और संघर्षों से जूझ रही है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को अपनाने पर जोर देते हुए कहा, “आइए, बुद्ध के उदाहरण से मार्गदर्शन लेते हुए हम अपनी साझी मानवता को जगाएं और सभी के लिए एक अधिक शांतिपूर्ण एवं टिकाऊ विश्व का निर्माण करें।” संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय ने भी बुद्ध जयंती के अवसर पर संदेश साझा करते हुए लोगों को बधाई दी है और बुद्ध की शिक्षाओं को अपनाने का आह्वान किया है।

