
* राष्ट्रीय राजमार्ग 39 में रजडिहा में हुआ भीषण सड़क हादसा
नवभारत न्यूज
सीधी 9 फरवरी। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 सीधी-सिंगरौली में रजडिहा में खैरा मोड़ के समीप आज अपराह्न करीब 4 बजे ट्रेलर वाहन की चपेट में आये दो बाइक सवारों की मौत हो गई। मृतकों में एक बुजुर्ग एवं एक किशोरी शामिल हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से रीवा के लिये रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर बाइक क्रमांक एमएच 34 एजे 8925 में सवार होकर 3 लोग बहरी अपने रिश्तेदारी में जा रहे थे। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर आगे रजडिहा में खैरा मोड़ के समीप ट्रेलर क्रमांक सीजी 15 एसी 5309 के चालक द्वारा लापरवाहीपूर्वक बाइक को ठोकर मार दी गई। इस हादसे में बाइक में सवार सत्यशेखर द्विवेदी पिता बृजवासी द्विवेदी उम्र 65 वर्ष एवं सिद्धि तिवारी पिता प्रमोद तिवारी उम्र 13 वर्ष निवासी बडख़रा थाना चुरहट जिला सीधी की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक सवार सिद्वार्थ तिवारी उम्र 12 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। परीक्षण के पश्चात दो लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बालक का प्राथमिक उपचार करने के पश्चात जिला अस्पताल सीधी से रीवा रेफर कर दिया गया। कोतवाली थाना में आरोपी ट्रेलर के विरुद्ध धारा 281,125 (ए),106(1) बीएनएस,184 एमव्ही एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
