श्रीलंका क्रिकेट को शर्मसार करने वाली करतूत: होटल में महिलाओं का वीडियो बनाने के आरोप में अंडर-19 टीम के दो खिलाड़ी गिरफ्तार, कोर्ट ने दी जमानत

कोलंबो | आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच श्रीलंका से एक बेहद विचलित करने वाली खबर सामने आई है। कोलंबो के नराहेनपीटा क्षेत्र के एक होटल में ठहरी श्रीलंका की अंडर-19 टीम के दो युवा खिलाड़ियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन खिलाड़ियों पर होटल के बाथरूम में नहा रही महिलाओं का मोबाइल फोन से छिपकर वीडियो बनाने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित महिलाओं की शिकायत के बाद नराहेनपीटा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों क्रिकेटरों को हिरासत में लिया। इस घटना ने श्रीलंकाई क्रिकेट की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गहरा धक्का पहुंचाया है।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपी खिलाड़ियों को अलुथकाडे मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए खिलाड़ियों को व्यक्तिगत जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। जमानत के लिए प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 लाख श्रीलंकाई रुपए (लगभग 1,564 अमेरिकी डॉलर) जमा करने पड़े। पुलिस अब इस तकनीकी पहलू की जांच कर रही है कि क्या इन आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया या किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर साझा तो नहीं किया गया है। इस शर्मनाक मामले की अगली सुनवाई अब 25 मई, 2026 को निर्धारित की गई है।

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड फिलहाल एक बड़े प्रशासनिक बदलाव के दौर से गुजर रहा है, जहां कुमार संगाकारा जैसे दिग्गजों वाली ‘ट्रांसफॉर्मेशन कमिटी’ कमान संभाल रही है। हालांकि, बोर्ड ने अभी तक इन खिलाड़ियों के खिलाफ किसी औपचारिक प्रतिबंध की घोषणा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि कमिटी इस अनुशासनहीनता पर कड़ा रुख अपना सकती है। क्रिकेट जगत के जानकारों का कहना है कि युवा खिलाड़ियों की ऐसी हरकतें बोर्ड की नई सुधार नीतियों और अनुशासन के दावों पर बड़े सवाल खड़े करती हैं।

Next Post

जीएसटी संग्रह अप्रैल में 2,42,702 करोड़ पर पहुंचा

Fri May 1 , 2026
नयी दिल्ली, 01 मई (वार्ता) वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के तहत सकल राजस्व संग्रह अप्रैल 2026 में 8.7 प्रतिशत बढ़कर 2,42,702 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वित्त मंत्रालय के शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि अप्रैल में घरेलू जीएसटी संग्रह 1,85,122 करोड़ रुपये और आयातित वस्तुओं […]

You May Like