इंदौर:पितृ पक्ष के अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. स्वाति तिवारी द्वारा संपादित पुस्तक ‘पिता मेरे स्मृति में पिता’ का विमोचन रविवार को होटल श्री माया रेजिडेंसी में हुआ। मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और अध्यक्षता जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने की।
कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी, विधायक उषा ठाकुर, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार, पूर्व जनसंपर्क आयुक्त राकेश श्रीवास्तव, संपादक डॉ. स्वाति तिवारी, मीडिया वाला ग्रुप के सुरेश तिवारी तथा डॉ. अपूर्व पुराणिक उपस्थित थे।
नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि यह पुस्तक पिता के त्याग, तपस्या, संघर्ष और परिवार के प्रति उनकी अनकही जिम्मेदारियों को शब्द देने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि पिता का योगदान अक्सर उनके जाने के बाद समझ आता है। पुस्तक नई पीढ़ी को माता-पिता के प्रति अपने दायित्व और जीवन मूल्यों को समझने में महत्वपूर्ण होगी।
तुलसीराम सिलावट ने कहा कि पिता का त्याग, समर्पण और संघर्ष ही परिवार की नींव होता है। यह पुस्तक केवल स्मृतियों का संकलन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
भास्कर लाक्षाकार ने कहा कि पिता-पुत्र और पिता-पुत्री के रिश्तों की भावनाओं को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। मां का स्थान धरती के समान महान है, तो पिता का व्यक्तित्व आकाश से भी ऊंचा है। उन्होंने पुस्तक में संस्मरणों की विविधता को इसकी विशेषता बताया।
डॉ. अपूर्व पुराणिक ने कहा कि पिता जीवन की पहली पाठशाला, मौन शिल्पी, संबल और शक्ति हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्वाति तिवारी ने किया। सुरेश तिवारी ने पुस्तक की जानकारी दी तथा राकेश श्रीवास्तव ने आभार माना।
