काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े की ‘द इंडिया स्टोरी’ का पोस्टर जारी, खाद्य मिलावट के मुद्दे पर आधारित है फिल्म

मुंबई, 18 जून (वार्ता) द इंडिया स्टोरी के निर्माताओं ने फिल्म का पहला आधिकारिक पोस्टर जारी कर दिया है। जी स्टूडियोज ⁠ और एमआईजी प्रोडक्शंस एंड स्टूडियोज़ के सहयोग से प्रस्तुत इस फिल्म ने पहले जारी किए गए पोस्टरों के जरिए दर्शकों के बीच उत्सुकता पैदा की थी, जबकि नए पोस्टर ने इसकी कहानी की एक प्रभावशाली झलक सामने रखी है।जारी पोस्टर में काजल अग्रवाल एक दृढ़ निश्चयी वकील की भूमिका में दिखाई दे रही हैं, जबकि श्रेयस तलपड़े एक चिंतित पिता के किरदार में नजर आ रहे हैं। पोस्टर में उनकी बेटी की भूमिका निभा रही एक छोटी बच्ची भी दिखाई गई है, जो खाद्य मिलावट से प्रभावित लाखों परिवारों की पीड़ा का प्रतीक बनकर उभरती है। पोस्टर में बॉम्बे हाई कोर्ट की पृष्ठभूमि और गवाहों के कटघरे में रखे गए एक कीटनाशक सिलेंडर की छवि यह संकेत देती है कि फिल्म एक दमदार कोर्टरूम ड्रामा होगी, जो खाद्य मिलावट और उससे जुड़े गंभीर सामाजिक प्रभावों को उजागर करेगी।फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है, जबकि इसकी कहानी और निर्माण सागर बी. शिंदे ने किया है। यह फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में दुनियाभर में रिलीज की जाएगी और इसका वितरण ज़ी स्टूडियोज़ करेगा।

पोस्टर जारी होने के बाद निर्देशक चेतन डीके ने कहा कि ‘द इंडिया स्टोरी’ हर उस भारतीय की कहानी है, जिसके परिवार या प्रियजनों पर खाद्य मिलावट का असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि यह समाज की सबसे उपेक्षित लेकिन बेहद गंभीर समस्याओं में से एक को सामने लाती है, जो प्रतिदिन लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित करती है।उन्होंने कहा, “इस फिल्म के माध्यम से हम इस छिपी हुई सच्चाई को सामने लाना चाहते थे और इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा शुरू करना चाहते थे। मुझे विश्वास है कि फिल्म का सशक्त संदेश लोगों को जागरूक बनाएगा और उन्हें रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों के प्रति अधिक सतर्क रहने के लिए प्रेरित करेगा।” फिल्म भारत की उन सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक पर प्रकाश डालती है, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। एक विचारोत्तेजक कहानी के माध्यम से यह रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों में छिपे खतरों को उजागर करने और समाज में जागरूकता फैलाने का प्रयास करती है।
फिल्म के सह-निर्माताओं में स्वाति विनायक सैदाने, अनिता जाधव, विनायक सैदाने, कल्पेश शाह, देवयानी खोराते और प्रेम जोशी शामिल हैं। वहीं तकनीकी टीम में सिनेमैटोग्राफर निशांत भागवत, संगीतकार मंगेश धाकड़े, संपादक आशीष म्हात्रे, गीतकार शकील आज़मी और साउंड डिजाइनर अनमोल भावे शामिल हैं।

.....

Next Post

भीम को रास्ते से हटाने की साजिश रचेगा दुर्योधन, 'हस्तिनापुर के वीर' में दिखेगा बड़ा मोड़

Thu Jun 18 , 2026
मुंबई, 18जून (वार्ता) सोनी सब के लोकप्रिय शो हस्तिनापुर के वीर में आने वाले एपिसोड्स में दर्शकों को महाभारत की कहानी का एक महत्वपूर्ण और नाटकीय अध्याय देखने को मिलेगा। जैसे-जैसे कौरवों और पांडवों के बीच प्रतिस्पर्धा और तनाव बढ़ता जा रहा है, शकुनी की चालें घटनाओं को एक नए […]

You May Like