नयी दिल्ली 27 फरवरी (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरूवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जोरदार जीत पर बधाई दी।
सूत्रों के अनुसार करीब आधे घंटे तक चली मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने हरियाणा में विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की।
श्री सैनी ने हरियाणा के आधारभूत विकास और भविष्य की परियोजनाओं पर भी प्रधानमंत्री मोदी को जानकारी दी।
उन्होंने हरियाणा में केन्द्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही परियोजनाओं और उनके क्रियान्वयन के बारे में भी श्री मोदी को रिपोर्ट दी।
दोनों नेताओं ने हरियाणा के सतत विकास और विकसित भारत 2047 के संकल्प में हरियाणा की भागीदारी पर भी चर्चा की। श्री सैनी ने आगामी निकाय चुनाव को लेकर भी प्रधानमंत्री के साथ बातचीत की। प्रधानमंत्री ने इस बारे में श्री सैनी को महत्वपूर्ण सुझाव दिये।
