सतना: रीवा लोकायुक्त संभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए सतना जिले में जन शिक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के सख्त निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में यह ट्रैप कार्रवाई मंगलवार को की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता मनोज प्रताप सिंह, निवासी उतैली वार्ड नंबर 22, बाईपास रोड, जिला सतना ने 25 मार्च को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके क्रमोन्नति प्रकरण को ट्रेजरी द्वारा आपत्ति लगाकर वापस कर दिया गया था, जिसे सुधार कर पुन: भेजने के एवज में आरोपी महेंद्र पांडे, जन शिक्षक, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सज्जनपुर, तहसील रामपुर बाघेलान, जिला सतना द्वारा 1500 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
रंगे हाथों धर दबोचा
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोपी द्वारा 1200 रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद मंगलवार को टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई और आरोपी महेंद्र पांडे को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सज्जनपुर परिसर में 1200 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
इन्होंने किया ट्रैप
इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया (ट्रैपकर्ता अधिकारी) और निरीक्षक एस. राम मरावी सहित लोकायुक्त टीम के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
