ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान टी-20 सीरीज के लिए मार्श की कप्तानी में टीम की घोषणा की

सिडनी, 19 जनवरी (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया ने आगामी आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप की तैयारी के मद्देनजर 29 जनवरी से लाहौर में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन टी-20 मैचों के लिए अनुभवी ऑलराउंडर मिशेल मार्श की अगुवाई वाली टीम की घोषणा की है।

इस सीरीज के सभी मैच गद्दाफी स्टेडियम में खेले जाएंगे। यह सीरीज ऐसे समय में हो रही है जब ऑस्ट्रेलिया का घरेलू सीजन अपने चरम पर है, बिग बैश लीग (बीबीएल) के फाइनल चल रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की वेबसाइट के अनुसार अनुभवी ऑलराउंडर मिशेल मार्श को इस दौरे के लिए कप्तान बनाया गया है। टीम में ट्रैविस हेड, कैमरन ग्रीन और जोश इंग्लिस सीनियर खिलाड़ियों में शामिल हैं, ये सभी ऑस्ट्रेलिया की इंग्लैंड के खिलाफ हालिया एशेज सीरीज में खेले थे।

इस दौरे में कई बड़े खिलाड़ियों नाथन एलिस, टिम डेविड, जॉश हेजलवुड, ग्लेन मैक्सवेल और पैट कमिंस को नहीं चुना गया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने वर्कलोड मैनेज करने और ग्लोबल टूर्नामेंट से पहले अतिरिक्त रिकवरी का समय देने का फैसला किया है। कमिंस, हेजलवुड और डेविड सभी चोट के बाद पूरी तरह से फिट होने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी गैरमौजूदगी में, कई खिलाड़ियों को कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है, जिनमें सीन एबॉट, महली बियर्डमैन, बेन ड्वारशुइस, जैक एडवर्ड्स, मिच ओवेन, जोश फिलिप और मैट रेनशॉ शामिल हैं।

ऑस्ट्रेलिया के चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने कहा कि यह सीरीज राष्ट्रीय टीम में चयन के करीब खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद होगी। बेली ने कहा, “यह सीरीज उन खिलाड़ियों के लिए एक शानदार मौका है जो चयन के कगार पर हैं और कुछ युवा खिलाड़ी जिन्हें हम बेहतर मानते हैं, उन्हें पाकिस्तान में विश्व कप ग्रुप के साथ कीमती अनुभव मिलेगा।”

इस सीरीज के तीनों मैच 29 जनवरी, 31 जनवरी और एक फरवरी को होंगे।

ऑस्ट्रेलिया टी-20 टीम:- मिच मार्श (कप्तान), सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, महली बियर्डमैन, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस, जैक एडवर्ड्स, कैमरन ग्रीन, ट्रैविस हेड, जॉश इंग्लिस, मैथ्यू कुह्नमैन, मिच ओवेन, जोश फिलिप, मैथ्यू रेनशॉ, मैट शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस और एडम जम्पा।

 

 

 

Next Post

डी मिनौर ऑस्ट्रेलिया ओपन के दूसरे राउंड में पहुंचे

Mon Jan 19 , 2026
बेंगलुरु, 19 जनवरी (वार्ता) ऑस्ट्रेलियाई टेनिस स्टार एलेक्स डी मिनौर ने सोमवार को अमेरिका के मैकेंजी मैकडॉनल्ड काे हराकर ऑस्ट्रेलिया ओपन के दूसरे राउंड में जगह बना ली है। आज यहां खेले गये मुकाबले में दुनिया के नंबर 6 खिलाड़ी एलेक्स डी मिनौर को, अपने नौवें ऑस्ट्रेलियन ओपन में मैकेंजी […]

You May Like