जबलपुर: खमरिया में एक युवक ने अपने ही ममेरे भाई से अमानत में खयानत कर लाखों रुपये की स्पोर्ट्स बाइक कुछ दिनों के लिए मांगकर ली और बाद में नीयत डोलने पर उसे वापस करने से साफ इंकार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने नए कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक अमरीक सिंह कॉलोनी, तिघरा निवासी राजेंद्र प्रसाद सोनी (53) खमरिया फैक्ट्री में लेबर के पद पर कार्यरत हैं। जून 2015 में शौक और जरूरत के लिए करीब 2 लाख 50 हजार रुपये में आसान किस्तों पर मोटर सायकल क्रमांक एमपी 20 एम वाय 8626 खरीदी थी।
गाड़ी अधिकांश समय घर पर ही खड़ी रहती थी। राजेंद्र प्रसाद की बुआ का बेटा राजकुमार सोनी (34) दुर्गा चौक, जयप्रकाश अधारताल का रहने वाला है, उसने राजेंद्र के घर पर खड़ी बाइक देखी। राजकुमार ने कुछ दिनों तक चलाने का बहाना बनाकर राजेंद्र से बाइक मांगी। भाई का रिश्ता होने के कारण राजेंद्र ने बिना किसी शक के बाइक के असली कागजात भी राजकुमार को सौंप दिए। जब काफी दिन बीत जाने के बाद राजेंद्र ने अपनी गाड़ी वापस मांगी, तो राजकुमार की नीयत बदल चुकी थी। उसने गाड़ी लौटाने से साफ मना कर दिया और राजेंद्र को टालने लगा। खुद को ठगा सा महसूस करने और विश्वासघात होने के बाद पीड़ित राजेंद्र प्रसाद सोनी खमरिया थाना पहुंचे और मामले की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई।
