
भोपाल। कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के राज्यसभा नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। संगठन ने आरोप लगाया है कि यह निर्णय लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों पर सीधा हमला है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने सभी जिला इकाइयों को 15 जून को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले दहन किए जाएंगे तथा राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला कलेक्टरों के माध्यम से सौंपे जाएंगे।
जिला अध्यक्षों को जारी निर्देशों में घनघोरिया ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग सत्तारूढ़ दल के दबाव में कार्य कर रहा है। उन्होंने मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित फैसला बताते हुए इसे लोकतंत्र और संविधान की “हत्या” करार दिया।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि निर्वाचन आयोग अब निष्पक्ष संवैधानिक संस्था की भूमिका से हटकर सत्ताधारी दल के हितों की पूर्ति करने वाला राजनीतिक औजार बन गया है। उनके अनुसार इस घटनाक्रम ने देश की चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
घनघोरिया ने चेतावनी दी कि संगठन इस कथित असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक कार्रवाई के खिलाफ अपना संघर्ष और तेज करेगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई अब केवल एक नामांकन की नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की लड़ाई बन चुकी है।
